Home » Uncategorized » Meerut : सरेबाजार ललकारकर युवक की हत्या, चार गोलियों से दहला इलाका

Meerut : सरेबाजार ललकारकर युवक की हत्या, चार गोलियों से दहला इलाका

Spread the love

Meerut News : उत्तर प्रदेश के रामराज कस्बे में मंगलवार दोपहर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात इतनी बेखौफ अंदाज में की गई कि हमलावरों ने फायरिंग से पहले पूरे बाजार को ललकारते हुए कहा— “है कोई माई का लाल जो इसे बचा ले।” इसके बाद चार गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा बाजार दहल उठा।

बाजार में मची भगदड़, दुकानों के गिरे शटर

मोहल्ला जगजीवनपुरी निवासी सुरेंद्र सिंह (28), पुत्र कश्मीर, दोपहर करीब 1:35 बजे बाजार से गुजर रहा था। तभी घात लगाए हमलावर अचानक सामने आए और कमर व कनपटी समेत शरीर के अहम हिस्सों में चार गोलियां दाग दीं। खून से लथपथ सुरेंद्र सड़क पर गिर पड़ा। गोलियों की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदारों ने जान बचाने के लिए शटर गिरा दिए, जबकि लोग इधर-उधर भागते नजर आए।

अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

घटना की सूचना मिलते ही बहसूमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुरेंद्र को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर एसपी देहात ने पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और टीम को जरूरी निर्देश दिए।

प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम संबंधों का मामला सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ साल पहले सुरेंद्र फलावदा थाना क्षेत्र के सनौता गांव से एक विवाहिता को अपने साथ ले गया था। अब वह उसी महिला से कोर्ट मैरिज करने की तैयारी में था। पुलिस इसी एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है।

बॉर्डर एरिया में सुरक्षा पर सवाल

यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि रामराज कस्बा मेरठ और मुजफ्फरनगर जिलों की सीमा से सटा इलाका है। सरेआम हुई इस हत्या ने स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में दहशत फैला दी है। लोगों का कहना है कि अगर दिनदहाड़े बाजार में ऐसी वारदात हो सकती है, तो आम नागरिक खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करें?

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल रामराज कस्बे में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

https://x.com/i/status/2026655856490852447

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments