Home » उत्तर प्रदेश » यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ पर रेलवे सख्त: मुरादाबाद स्टेशन पर फर्जी पानी जब्त, टिकट चेकिंग से लाखों का राजस्व

यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ पर रेलवे सख्त: मुरादाबाद स्टेशन पर फर्जी पानी जब्त, टिकट चेकिंग से लाखों का राजस्व

Moradabad Railway Station

Moradabad Railway Station: यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रशासन द्वारा लगातार सघन जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हाल ही में स्टेशन परिसर में फर्जी और अवैध पानी की बोतलों की बिक्री का गंभीर मामला सामने आया है, जिस पर रेलवे ने सख्त कार्रवाई की है।

अवैध रूप से बेची जा रही थीं पानी की बोतलें

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब चार दिन पहले मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर एक अन्य नामी कंपनी के नाम से अवैध रूप से पानी की बोतलें बेची जा रही थीं। इस मामले की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टेशन परिसर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में फर्जी पानी की बोतलें जब्त की गईं। हालांकि जांच के समय संबंधित वेंडर मौके पर मौजूद नहीं मिला। रेलवे प्रशासन द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और स्टेशन पर बिकने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Moradabad Railway Station: टिकट चेकिंग अभियान से ₹1.10 लाख से अधिक का राजस्व

इसके अलावा, मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर 7 जनवरी 2026 को विशेष ‘किलाबंदी’ टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बिना टिकट यात्रा करने वालों, अनियमित यात्रा, तथा स्टेशन व ट्रेनों में गंदगी फैलाने जैसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान रेलवे को कुल ₹1,10,230 का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि 231 मामलों में यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई दर्ज की गई। इस विशेष अभियान में स्टेशन से गुजरने वाली 25 ट्रेनों की गहन जांच की गई।

अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान

यह अभियान सीआईटी भावेश शर्मा और सीआईटी विजयन शर्मा के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें 19 टिकट चेकिंग स्टाफ और 4 आरपीएफ कर्मियों ने सक्रिय सहयोग किया। टीम ने स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और ट्रेनों में सघन जांच की। वहीं मीडिया को जानकारी देते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, रेलवे मुरादाबाद, आदित्य गुप्ता ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फर्जी पानी की बोतलों की बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि टिकट चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि बिना टिकट यात्रा और अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

Report BY: Salman

ये भी पढ़े… ‘मां की हत्या बहन का अपहरण’ दिल दहला देगा मेरठ का ये मामला, बेटे की गुहार ‘हमें भी मार देंगे इंसाफ दो’

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments