MP Police Recruitment 2026: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को इंदौर में शस्त्र पूजन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती और हर जिले में पुलिस बैंड की स्थापना के लिए 750 पदों पर भर्ती करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल के आधुनिकीकरण और नई सुविधाओं को लेकर भी कई अहम बातें कहीं।
MP Police Recruitment 2026: पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर होगी भर्ती-
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस विभाग की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती का फैसला लिया गया है। इसके अलावा आने वाले दो वर्षों में विभाग के खाली पदों को भरने की दिशा में भी काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में कुल 85 हजार पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ सरकारी विभागों की कार्यक्षमता बढ़ाना है।
MP Police Recruitment 2026: आने वाला साल युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा-
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आने वाले वर्ष को युवा वर्ष के रूप में मनाने की बात कही। उन्होंने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की विशेष परीक्षाएं जनवरी और फरवरी में आयोजित करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े अवसरों को आगे बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस विभाग में प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधनों, नई रिसर्च और फॉरेंसिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
हर जिले में पुलिस बैंड के लिए 750 पदों पर भर्ती-
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हर जिले में पुलिस बैंड स्थापित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान पुलिस बैंड ने भजन बजाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे उन्हें काफी खुशी हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी और 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व प्रशासन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में प्रत्येक जिले में पुलिस बैंड होना चाहिए। इसके लिए 750 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से अगले वर्ष स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस की परेड को और अधिक भव्य तरीके से आयोजित किया जा सकेगा।
शस्त्र पूजन कर मुख्यमंत्री ने की मां कालका की आराधना-
मुख्यमंत्री मोहन यादव इंदौर की पुलिस लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने मां कालका की आराधना की। इस दौरान महिला पुलिस दल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मुख्यमंत्री ने इस पर खुशी जताई। कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक तलवारों और भालों के साथ आधुनिक एके-47 राइफल समेत अन्य अस्त्र-शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया गया। प्रदेशभर में पुलिस बलों की ओर से भी शासकीय स्तर पर शस्त्र पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस बल की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर चौबीसों घंटे लोगों की सुरक्षा के लिए तैयार रहते हैं। उनका कार्य विशेष सम्मान का पात्र है।
पुलिस सेतु ऐप की शुरुआत, इंदौर पुलिस को मिले 51 दोपहिया वाहन-
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान पुलिस सेतु ऐप की शुरुआत की। इस ऐप के माध्यम से लोग अपने क्षेत्र के थानों और ड्यूटी अधिकारियों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसका उद्देश्य पुलिस से जुड़ी आवश्यक जानकारियों को लोगों तक आसानी से पहुंचाना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने इंदौर पुलिस को दिए गए 51 दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने और जरूरत के समय तेजी से मौके पर पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों से लैस करने, प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने और आपराधिक कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष ध्यान दे रही है।
यह भी पढ़े- टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग: विदेश में नौकरी और पैसों का लालच देकर कराई गई वारदात








