Mumbai ICT Student Suicide: मुंबई के इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी (ICT) में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे एक छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सिद्धेश पाटील के रूप में हुई है। वह कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र था और मूल रूप से नासिक का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक परेशानी से जूझ रहा था और उसका इलाज चल रहा था। घटना से पहले उसने अपने डॉक्टर को मैसेज कर आत्महत्या के विचार आने की बात बताई थी। डॉक्टर ने तुरंत उसके माता-पिता को इसकी जानकारी दी, लेकिन मदद पहुंचने से पहले ही छात्र ने आत्महत्या कर ली। माटुंगा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Mumbai ICT Student Suicide: मरने से पहले डॉक्टर को भेजा था मैसेज-
मिली जानकारी के मुताबिक, सिद्धेश पाटील मंगलवार रात करीब 10:30 बजे माटुंगा स्थित कॉलेज के हॉस्टल में मृत पाया गया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन से जूझ रहा था और उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार को उसने अपने डॉक्टर को मैसेज कर बताया था कि उसके मन में आत्महत्या के विचार आ रहे हैं। इस जानकारी के बाद डॉक्टर ने तुरंत उसके माता-पिता को सूचित किया।
Mumbai ICT Student Suicide: माता-पिता ने दोस्तों से किया संपर्क, लेकिन नहीं पहुंच सकी मदद-
डॉक्टर से जानकारी मिलने के बाद सिद्धेश के माता-पिता ने हॉस्टल में रहने वाले उसके दोस्तों से संपर्क किया, ताकि समय रहते उसकी मदद की जा सके। हालांकि, मदद पहुंचने से पहले ही छात्र ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद माटुंगा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
IIT बॉम्बे में भी सामने आया था छात्र की आत्महत्या का मामला-
इससे पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे में भी एक छात्र की कथित आत्महत्या का मामला सामने आया था। संस्थान में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे का शव 18 सितंबर को उनके हॉस्टल के कमरे में मिला था। इस घटना के बाद संस्थान में विरोध-प्रदर्शन भी हुए थे। साहिल के पिता ने पवई पुलिस स्टेशन में IIT बॉम्बे के कुछ अधिकारियों और प्रोफेसरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके अलावा, उन्होंने मुंबई के आजाद मैदान में आमरण अनशन भी शुरू किया था। मुंबई में सामने आई इन घटनाओं ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराने की जरूरत पर एक बार फिर ध्यान आकर्षित किया है।
यह भी पढ़े- बॉन्ड क्यों तोड़ा? दिल्ली हाईकोर्ट ने CJP के आशुतोष रांका और सौरव दास को लगाई फटकार, याचिका ली वापस








