Mustafizur Rahman: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने केकेआर को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को स्क्वॉड से रिलीज करने को कहा है। बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारी ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए आईपीएल की फ्रेंचाइजी केकेआर को बोर्ड की तरफ से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया गया है। केकेआर रहमान की जगह किसी दूसरे खिलाड़ी को टीम में शामिल कर सकती है। बीसीसीआई के इस फैसले का स्वागत करते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता संगीत सोम ने इसे “सनातनियों की भावनाओं का सम्मान” बताया। उन्होंने कहा कि देश की जनता की भावनाओं के साथ समझौता नहीं किया जा सकता और यह फैसला सनातन समाज की जीत है।
खान पर साधा निशाना
संगीत सोम ने शाहरुख खान पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत में रहकर सनातन समाज के खिलाफ जाना ठीक नहीं है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता ने ही शाहरुख खान को यह मुकाम दिलाया है। साथ ही उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित अत्याचारों का मुद्दा उठाते हुए वहां की स्थिति को गंभीर बताया। बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में भारत विरोधी नारे लगाए जा रहे हैं और भारतीय नेतृत्व के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में भारत से जुड़े लोगों द्वारा वहां निवेश या सहयोग करना देशहित के खिलाफ है।
वहीं शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के प्रवक्ता आनंद दुबे ने भी बीसीसीआई के फैसले का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पहले से ही मांग कर रही थी कि बांग्लादेशी खिलाड़ी को आईपीएल में मौका नहीं दिया जाना चाहिए। आनंद दुबे ने कहा कि भारत को पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों के साथ खेल और अन्य स्तरों पर संबंधों पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने बीसीसीआई के निर्णय को सही दिशा में उठाया गया कदम बताया और इसका स्वागत किया। इस पूरे मामले पर खेल और राजनीति के बीच टकराव एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।
Mustafizur Rahman: 9.20 करोड़ में खरीदा था रहमान
आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ में खरीदा था। बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हुई हिंसा के बाद भारत में कई धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने आईपीएल में मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर द्वारा खरीदे जाने के फैसले की आलोचना की और उनके लीग में मौका न देने का कैंपेन भी चलाया जा रहा है। बांग्लादेश में हाल ही में मैमनसिंह जिले में एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले दीपू चंद्र दास को भीड़ ने ईशनिंदा के आरोप में पीट-पीटकर मार डाला, जबकि दीपू चंद्र दास को निर्दोष पाया गया था। कुछ दिनों बाद, राजबाड़ी के पंग्शा सब-डिस्ट्रिक्ट में कालीमोहर यूनियन के होसेंडांगा गांव में एक और हिंदू युवक की लिंचिंग कर दी गई, और इन घटनाओं से बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं और भारत-बांग्लादेश रिश्तों में काफी गिरावट आई है। 30 साल के मुस्तफिजुर रहमान बांग्लादेश के शीर्ष तेज गेंदबाज हैं और दुनियाभर की लीग में खेलते हैं। वह आईपीएल में 2016 से खेल रहे हैं। पूर्व में वह सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और सीएसके के लिए खेल चुके हैं। इस दौरान 60 मैचों में उन्होंने 65 विकेट ले चुके हैं।







