Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रविवार रात हुई भारी बारिश के दौरान फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर सीकरी गांव में एक कच्चा मकान ढह गया। हादसे में इस्लामुद्दीन (60) और उनके चार मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय बच्चों की मां दो बच्चों के साथ पड़ोस में गई हुई थीं।
मलबे में दबने से पांच की मौत
तेज बारिश के बीच कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से पिता और चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन ने राहत-बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
Muzaffarnagar News: अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वयं अस्पताल जाकर घायल बच्चों का हालचाल लिया और डॉक्टरों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने दिए सहायता के निर्देश
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
Muzaffarnagar News: आर्थिक सहायता का भरोसा
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। जिलाधिकारी को मुआवजे की राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
ये भी पढ़े… 10 हजार प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर, संसद मार्च आज: मंजूरी नहीं, 5 हजार जवान तैनात; वांगचुक की 3 शर्तें








