Home » उत्तर प्रदेश » रैपिड रेल में मर्यादा तार-तार: अश्लीलता के आरोपी छात्र-छात्रा कॉलेजों से होंगे बाहर

रैपिड रेल में मर्यादा तार-तार: अश्लीलता के आरोपी छात्र-छात्रा कॉलेजों से होंगे बाहर

Namo Bharat

Namo Bharat: नमो भारत (रैपिड रेल) के कोच में सार्वजनिक मर्यादाओं को ठेंगा दिखाने वाले छात्र-छात्रा की मुश्किलें अब कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुआ यह विवाद अब निर्णायक कार्रवाई तक पहुँच गया है। पुलिस की जांच और कॉलेजों के सख्त रुख ने यह साफ कर दिया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अभद्रता करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है। दोनों आरोपियों को उनके संबंधित संस्थानों से निकालने की तैयारी अंतिम चरण में है।

​वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा एक्शन

बीते दिनों वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया था। 24 नवंबर की इस घटना में दुहाई से मेरठ साउथ के बीच सफर कर रहे इन विद्यार्थियों ने कोच में एकांत का फायदा उठाकर बेहद आपत्तिजनक हरकतें की थीं। वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद पुलिस ने जब इनकी कुंडली खंगाली, तो पता चला कि छात्रा दुहाई स्थित एक संस्थान और छात्र राजनगर एक्सटेंशन के एक कॉलेज से ताल्लुक रखता है। इस हरकत से संस्थानों की साख पर जो बट्टा लगा है, उससे प्रबंधन बेहद नाराज है।

Namo Bharat: ​करियर पर मंडराया निष्कासन का खतरा

जांच में सामने आया है कि दोनों संस्थानों ने अपने स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तेज कर दी है। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि विद्यार्थियों का यह आचरण संस्थानों की गरिमा के खिलाफ है, इसलिए उन्हें निष्कासित (Expel) करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बड़ी बात यह है कि पुलिस और कॉलेज के रडार पर आने के बाद से ही दोनों छात्र-छात्रा भूमिगत हैं। उनके मोबाइल फोन भी बंद हैं।

​लोको पायलट पर भी गिरी गाज

इस पूरे प्रकरण में केवल विद्यार्थियों पर ही नहीं, बल्कि विभागीय लापरवाही पर भी बड़ा एक्शन हुआ है। एनसीईआरटीसी ने उस लोको पायलट को भी तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया था जिसने सुरक्षा की दृष्टि से लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को लीक किया था। वहीं, विभाग अब इस बात पर भी मंथन कर रहा है कि जिस दौरान यह हरकत हो रही थी, उस समय सुरक्षा गश्त और कंट्रोल रूम की निगरानी में चूक कैसे हुई। फिलहाल, गाजियाबाद पुलिस इस मामले में कानूनी पहलुओं को देख रही है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने के मामले में पहचान पूरी हो चुकी है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Report By: विभु मिश्रा

ये भी पढ़े… ‘हिंदू राष्ट्र’ के बयान पर खीरी में खूनी संघर्ष, उमरा गांव में युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर