Home » राष्ट्रीय » NEET: नीट की पुनर्परीक्षा से पहले शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने की गहन समीक्षा

NEET: नीट की पुनर्परीक्षा से पहले शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने की गहन समीक्षा

NEET

NEET: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्नातक पुनर्परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी मुख्यालय का दौरा किया। उन्होंने 21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा को पूरी तरह त्रुटिरहित और पारदर्शी ढंग से आयोजित करने का भरोसा दिलाया। साथ ही छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त किया कि परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किए जाएंगे ताकि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रक्रिया प्रभावित न हो।

छात्रों और अभिभावकों को दिया भरोसा

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से विश्वास बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पिछली कमियों को दोहराया नहीं जाएगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि परीक्षा परिणाम समय पर जारी करने की पूरी तैयारी की गई है, जिससे विद्यार्थियों का समय बर्बाद न हो और उनके भविष्य पर कोई असर न पड़े।

NEET: गोपनीयता और सुरक्षा पर विशेष जोर

पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के दौरान मंत्री ने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने और परीक्षा संचालन के प्रत्येक चरण में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इस प्रक्रिया में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी इस पूरी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

जांच जारी, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछली परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं की जांच अभी जारी है। केंद्रीय जांच एजेंसी मामले की गहन पड़ताल कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने यह भी कहा कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर उन्हें शीघ्र न्यायिक प्रक्रिया के तहत सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में छात्रों का विश्वास बहाल करना और निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

 

ये भी पढ़ें…Bhajanlal Jatav: सांसद के बयान पर धौलपुर में विरोध प्रदर्शन