Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » NEET की तैयारी कर रहे अमन ने दी जान, सुसाइड नोट में लिखा- ‘मेरी मौत की वजह मंगेतर की फैमिली होगी’

NEET की तैयारी कर रहे अमन ने दी जान, सुसाइड नोट में लिखा- ‘मेरी मौत की वजह मंगेतर की फैमिली होगी’

लखीमपुर में NEET छात्र की मौत से हड़कंप

NEET Student Suicide: लखीमपुर-खीरी में NEET की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र अमन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले अमन ने एक नोट भी छोड़ा था। इसमें उसने अपनी मौत के लिए मंगेतर की फैमिली को जिम्मेदार बताया।यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 1 किलोमीटर दूर सदर कोतवाली क्षेत्र के शास्त्रीनगर मोहल्ले की है। 2 सितंबर की शाम करीब 4 बजे अमन ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगा ली।

घटना के अगले दिन गुरुवार को जब अमन के पिता उसका सामान लेने कमरे पर पहुंचे, तब उन्हें किताब के नीचे से सुसाइड नोट मिला। इसके बाद पिता ने मंगेतर, उसके जीजा, बहन और मां समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।

NEET Student Suicide: तीन साल से चल रही थी शादी की बात

अमन के पिता अनिल गुप्ता ने बताया कि उनके बेटे की शादी नौरंगाबाद निवासी रुपाली से कराने की बात करीब तीन साल से चल रही थी। दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार थे, लेकिन रुपाली की बहन शालू और जीजा ऋषि गुप्ता शादी के लिए सहमत नहीं थे।पिता का आरोप है कि दोनों अमन पर सरकारी नौकरी लगने का दबाव बनाते थे। उससे कहा जाता था कि अगर सरकारी नौकरी नहीं लगी तो शादी नहीं होगी। लगातार बनाए जा रहे इस दबाव से अमन मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।

डांगा गांव में रहता है अमन का परिवार

अनिल गुप्ता की उम्र 55 साल है। वह डांगा गांव में अपनी पत्नी सीमा, 50 साल, छोटे बेटे अश्वनी, 20 साल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहते हैं। उनकी बेटी वर्षा, 28 साल, की शादी हो चुकी है।उनका बड़ा बेटा अमन, 22 साल, लखीमपुर के शास्त्रीनगर स्थित अपने मकान में रहकर NEET की तैयारी कर रहा था।

अमन की शादी लखीमपुर के नौरंगाबाद निवासी स्वर्गीय रामू गुप्ता की बेटी रुपाली से कराने की बात करीब तीन साल से चल रही थी। रामू गुप्ता की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी है। उनके परिवार में पत्नी सुनीता, 55 साल, बेटा सूरज, 32 साल और बेटी शालू, 24 साल रहती हैं।

लखीमपुर में NEET छात्र की मौत से हड़कंप
लखीमपुर में NEET छात्र की मौत से हड़कंप
NEET Student Suicide: शादी के लिए मां से हुई थी बातचीत

अमन के पिता अनिल ने बताया कि रुपाली से शादी को लेकर उन्होंने उसकी मां सुनीता देवी से बातचीत की थी। रिश्ता आगे बढ़ने के बाद अमन और रुपाली के बीच भी बातचीत होने लगी थी।हालांकि, रुपाली के जीजा ऋषि गुप्ता और उसकी बहन शालू इस रिश्ते से खुश नहीं थे। आरोप है कि दोनों लगातार अमन से सरकारी नौकरी लगने की बात कहते थे।

अमन से कहा जाता था कि अगर उसकी सरकारी नौकरी नहीं लगी तो शादी करने से मना कर दिया जाएगा। परिवार का कहना है कि इस लगातार दबाव के कारण अमन काफी परेशान रहने लगा था।पिछले कुछ दिनों से वह चुप-चुप रहने लगा था। परिजनों का आरोप है कि उसे उकसाने के साथ धमकियां भी दी गईं। इसी दबाव और कथित उकसावे से परेशान होकर अमन ने 2 सितंबर की शाम करीब 4 बजे शास्त्रीनगर स्थित अपने किराए के कमरे में फांसी लगा ली।

मां का फोन नहीं उठाया तो बढ़ी चिंता

बुधवार को अमन की मां सीमा ने उससे बात करने के लिए फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। कई बार कॉल करने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो परिवार को चिंता होने लगी।इसके बाद अमन के पिता अनिल ने मकान मालिक को फोन किया और कमरे को चेक करने के लिए कहा।मकान मालिक ने अमन के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो अमन पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ था।मकान मालिक ने तुरंत अमन के परिवार और पुलिस को इसकी जानकारी दी।

NEET Student Suicide: बेटे का शव देखकर मां हुई बेहोश

घटना की जानकारी मिलते ही अमन के परिवार वाले मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर उसकी मां बेहोश हो गईं। वहीं पिता का रो-रोकर बुरा हाल था।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अमन का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया है।

गुरुवार को अमन के पिता उसका सामान लेने के लिए दोबारा कमरे पर पहुंचे। इसी दौरान उन्हें एक किताब के नीचे से एक नोट मिला।नोट में लिखा था- ‘मेरे मरने की वजह रुपाली की फैमिली होगी।’नोट मिलने के बाद अमन के पिता ने उसकी मौत के लिए रुपाली के जीजा ऋषि गुप्ता, बहन शालू और मां सुनीता देवी समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई।

घटना से पहले रुपाली ने जीजा को किया था मैसेज

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि घटना से कुछ समय पहले रुपाली ने अपने जीजा को व्हाट्सऐप पर मैसेज किया था।बताया गया कि शाहजहांपुर निवासी जीजा को रुपाली ने मैसेज करके बताया था कि अमन उसे मिलने के लिए बुला रहा है। हालांकि, रुपाली ने स्कूटी नहीं होने की वजह से अमन से मिलने जाने से मना कर दिया था।

एएसपी पूर्वी पवन गौतम ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NEET Student Suicide: लखीमपुर में NEET छात्र की मौत से हड़कंप
लखीमपुर में NEET छात्र की मौत से हड़कंप
NEET Student Suicide: मां ने मुख्यमंत्री से मांगा इंसाफ

अमन की मां सीमा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवती के जीजा ऋषि और उसकी मां उनके बेटे को मकान में ले गए और केबल के सहारे उसे फांसी पर लटका दिया।सीमा का यह भी दावा है कि अमन के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।उन्होंने रोते हुए कहा कि उनके बेटे के साथ अन्याय हुआ है और परिवार को इंसाफ चाहिए। सीमा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इसी महीने लगने वाली थी अमन की नौकरी

अमन की बहन वर्षा ने बताया कि अमन और रुपाली की शादी तय हो चुकी थी। दोनों परिवारों ने करीब डेढ़ साल बाद शादी करने का फैसला किया था। वर्षा के मुताबिक, इसी महीने अमन की नौकरी लगने वाली थी। नौकरी से संबंधित सभी दस्तावेज भी जमा हो चुके थे। अमन ने जब रुपाली को अपनी नौकरी लगने की जानकारी दी, तो इसके बाद दोनों के बीच मैसेज पर विवाद शुरू हो गया।वर्षा ने बताया कि इस घटना के बाद अमन मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। घटना से पहले वह घर आने की तैयारी भी कर रहा था। उसने अपना बैग और पानी की बोतल तक तैयार कर ली थी।इसी दौरान रुपाली के मैसेज आने के बाद अमन काफी देर तक उससे बातचीत करता रहा। इसके बाद उसने यह कदम उठा लिया।

ये भी पढ़ें…संजय मारपीट मामले में CJP का मार्च: सौरव दास ने पूछा- आरोपी ने खुद मानी बात, फिर पुलिस ने अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की?