NEET UG Re-exam: नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर पटना जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। 21 जून को होने वाली परीक्षा के दिन शहर के सभी कोचिंग संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। हाल ही में कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद के बाद प्रशासन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कदाचार की आशंका को लेकर पूरी तरह सतर्क है।
95 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
पटना जिले में नीट यूजी री-एग्जाम के लिए 95 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
NEET UG Re-exam: कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों पर भी नजर
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दिन सभी कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे। साथ ही उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह, अनुचित गतिविधि या परीक्षा को प्रभावित करने वाली कोशिशों को रोका जा सके।
नियम तोड़ने वालों पर तत्काल एफआईआर
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि परीक्षा से पहले या परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी व्यक्ति या संस्था की संलिप्तता कदाचार में पाई जाती है तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी।
NEET UG Re-exam: सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी
परीक्षा से जुड़ी अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
अभ्यर्थियों को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा
बिहार सरकार के निर्देशानुसार नीट अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन बिहार राज्य सड़क परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
NEET UG Re-exam: गर्मी से बचाव के विशेष इंतजाम
भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों और परीक्षार्थियों के लिए छायादार स्थानों की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि केंद्रों से 100 मीटर की दूरी पर प्रतीक्षा करने वाले लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर प्रशासन की यह सख्ती परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
ये भी पढ़े… अमेरिका की ईरान को सख्त चेतावनी, शर्तें न मानी तो ‘बमों से बातचीत’ होगी








