Home » राष्ट्रीय » नेपाल बाढ़: टनल में फंसे 42 मजदूरों में 39 लापता, रेस्क्यू के बाद भी बना रहस्य

नेपाल बाढ़: टनल में फंसे 42 मजदूरों में 39 लापता, रेस्क्यू के बाद भी बना रहस्य

Nepal News

Nepal News: नेपाल में त्रिशूली इलाके में आई भीषण बाढ़ के 9 दिन बाद भी टनल नंबर 3-ए में फंसे मजदूरों को लेकर रहस्य बना हुआ है। नेपाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, बाढ़ आने से पहले इस टनल में कुल 42 मजदूर काम कर रहे थे। रेस्क्यू अभियान के दौरान 2 मजदूरों को जिंदा बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक मजदूर का शव बरामद हुआ है। हालांकि, बाकी 39 मजदूरों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। सुरक्षा बल यह पता लगाने में जुटे हैं कि आखिर ये मजदूर कहां गए।

टनल नंबर 3-ए में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा, 39 मजदूर अब भी लापता

ई-कांतिपुर की रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल में बाढ़ के कारण करीब 900 मजदूर अलग-अलग टनल में फंस गए थे। शुक्रवार को टनल नंबर 3-ए की खुदाई का काम पूरा होने के बाद नेपाली सेना की टीम अंदर दाखिल हुई और पूरे इलाके की जांच की। इसी दौरान 2 मजदूर जिंदा मिले और एक मजदूर का शव बरामद किया गया। सशस्त्र पुलिस बल के प्रवक्ता नेत्र बहादुर कार्की ने बताया कि टनल नंबर 3-ए में 42 लोग मौजूद थे। इनमें से 2 को जिंदा बचाया गया और एक का शव मिला है, लेकिन 39 लोगों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।

Nepal News: क्या टनल के गड्ढों में गिर गए मजदूर?

अधिकारियों के मुताबिक, टनल नंबर 3-ए का मौजूदा रेस्क्यू अभियान पूरा हो चुका है। हालांकि, 39 मजदूरों के लापता होने को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। कंपनी से भी संपर्क किया गया है और टनल में दोबारा ऑपरेशन चलाने की संभावना जताई गई है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि बाढ़ के दौरान मजदूर टनल के किसी गहरे गड्ढे में गिर गए होंगे। इसी संभावना को देखते हुए एक बार फिर टनल की जांच की जा सकती है।

जिंदा बचे संजय साह ने सुनाई आपबीती

टनल से बचाए गए संजय साह का एक वीडियो सामने आया है। संजय के मुताबिक, जब वे टनल में काम कर रहे थे, तभी उन्हें बाढ़ का अलर्ट मिला। उन्होंने बाहर निकलने के बजाय दूसरे लोगों को बचाने का फैसला किया। उनके मुताबिक, आखिरी वक्त में टनल के अंदर करीब 25 लोग फंसे रह गए थे।संजय ने बताया कि मुश्किल हालात में उन्होंने बचने के लिए महामंत्र का जाप किया। उनका कुछ अन्य मजदूरों से संपर्क भी हुआ था। बाद में उन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सप्तरी के रहने वाले 30 वर्षीय संजय साह नेपाल विद्युत प्राधिकरण में मैकेनिकल फोरमैन हैं। बाढ़ से पहले उनकी ड्यूटी टनल के कंट्रोल रूम में लगाई गई थी।

ये भी पढ़ें…जानिए निशु आजाद के वीडियो के बाद चर्चा में आए स्वतंत्र भारद्वाज कौन हैं, जिन पर हुई FIR