NITI Aayog CEO: केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और 1989 बैच के IAS अधिकारी अनुराग जैन को नीति आयोग (NITI Aayog) का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। इस संबंध में कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी देते हुए आदेश जारी कर दिया है।
NITI Aayog CEO: दो साल का रहेगा कार्यकाल-
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के अनुसार, अनुराग जैन का कार्यकाल कार्यभार संभालने की तारीख से शुरू होगा। वह दो साल या अगले आदेश तक नीति आयोग के CEO के पद पर कार्य करेंगे। उन्हें भारत सरकार के सचिव स्तर का पद और वेतनमान मिलेगा।
NITI Aayog CEO: निधि छिब्बर संभाल रही थीं अतिरिक्त प्रभार-
अनुराग जैन की नियुक्ति के साथ ही पिछले पांच महीने से चल रही अंतरिम व्यवस्था समाप्त हो गई है। डेवलपमेंट मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन ऑफिस (DMEO) की महानिदेशक निधि छिब्बर 24 फरवरी 2026 से नीति आयोग के CEO का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही थीं। नियमित नियुक्ति होने तक उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
सुब्रह्मण्यम का कार्यकाल समाप्त होने के बाद हुई नियुक्ति-
छत्तीसगढ़ कैडर के 1987 बैच के सेवानिवृत्त IAS अधिकारी B.V.R. सुब्रह्मण्यम को फरवरी 2023 में नीति आयोग का CEO बनाया गया था। उनका शुरुआती दो साल का कार्यकाल बाद में एक साल के लिए बढ़ाया गया, जो फरवरी 2026 में समाप्त हो गया। इसके बाद यह पद अतिरिक्त प्रभार के तहत संचालित किया जा रहा था।
अब अनुराग जैन संभालेंगे जिम्मेदारी-
अनुराग जैन के CEO बनने के साथ ही नीति आयोग को नियमित नेतृत्व मिल गया है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव का लाभ नीति निर्माण, विकास योजनाओं की निगरानी और केंद्र सरकार की प्रमुख नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में मिलेगा।
यह भी पढ़े- BCCI ने बदले घरेलू क्रिकेट के नियम, जानबूझकर नो-बॉल फेंकना पड़ेगा भारी








