Opposition Protest: संसद का मानसून सत्र जारी है और इस दौरान विपक्ष लगातार अलग-अलग मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है। हाल ही में पेपर लीक विरोधी बिल संसद के दोनों सदनों से पास हो चुका है। इसी बीच अब विपक्ष ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में नजर आए और उन्होंने सांकेतिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान विपक्ष के कई सांसद भी उनके साथ मौजूद रहे।
साधु बनकर दानपेटी के साथ पहुंचे पप्पू यादव
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर चर्चा की मांग को लेकर शुक्रवार को पप्पू यादव संसद परिसर के बाहर साधु के भेष में पहुंचे। उन्होंने भगवा वस्त्र पहन रखे थे और हाथ में दानपेटी लेकर प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान वह प्रतीकात्मक रूप से चढ़ावा इकट्ठा करते दिखाई दिए।इस प्रदर्शन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए। उन्होंने भी दानपेटी में चढ़ावा डालकर प्रदर्शन का समर्थन किया। वहीं, अन्य विपक्षी सांसद पीछे खड़े होकर नारेबाजी करते रहे। इस पूरे प्रदर्शन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
इससे पहले संसद के दोनों सदनों ने एंटी पेपर लीक बिल को मंजूरी दे दी है। अब इस बिल को कानून बनने के लिए सिर्फ राष्ट्रपति की मंजूरी का इंतजार है। हालांकि, बिल पास होने के बाद भी संसद में विपक्ष का विरोध जारी है और हंगामा थमता नहीं दिख रहा।
अमित शाह के खिलाफ भी विपक्ष का प्रदर्शन
संसद में गृह मंत्री अमित शाह को लेकर भी विपक्ष लगातार हमलावर बना हुआ है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन विपक्षी सांसदों ने संसद भवन परिसर में उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। सांसदों ने हाथों में “आज अमित शाह संसद से गायब क्यों?” लिखे बैनर लेकर विरोध जताया।विपक्ष का आरोप है कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान छात्रों के खिलाफ हुई कथित कार्रवाई के लिए गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं। इसी मुद्दे पर विपक्ष उनके इस्तीफे की मांग कर रहा है। इस विवाद के कारण गुरुवार को लोकसभा में कोई कामकाज नहीं हो सका था।
यह भी पढ़े….झाबुआ में आज सीएम मोहन यादव का बड़ा कार्यक्रम, स्वयं सहायता समूहों को मिलेंगे 300 करोड़ रुपये के ऋण








