Patna News: पटना में गंगा किनारे बने चर्चित मरीन ड्राइव यानी जेपी गंगा पथ के विस्तार को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा संकेत दिया है। अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना को बक्सर तक बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही सरकार का दीर्घकालिक लक्ष्य इसे फरक्का तक विस्तारित करने का है। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान यह मुद्दा प्रमुखता से उठा। भाजपा विधायक मिथिलेश तिवारी ने प्रश्नकाल में सरकार से पूछा कि जब जेपी गंगा कॉरिडोर के तहत कोईलवर तक कार्य होने से लोगों में उत्साह है, तो कोईलवर से आगे बक्सर तक विस्तार की क्या ठोस योजना है? उन्होंने कहा कि बक्सर के लोग लंबे समय से इस परियोजना के विस्तार की मांग कर रहे हैं और सरकार को इस दिशा में स्पष्ट घोषणा करनी चाहिए।
मंत्री दिलीप जायसवाल का बयान
इस पर बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने जवाब देते हुए कहा कि जेपी गंगा पथ आज बिहार की पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि पहले लोग महाराष्ट्र का मरीन ड्राइव देखने जाते थे, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि आज लोग गंगा पथ को ही मरीन ड्राइव कह रहे हैं। मंत्री जायसवाल ने बताया कि राज्य सरकार गंगा किनारे सड़क और जलमार्ग को जोड़ते हुए एक व्यापक विजन पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस पथ को एक ओर कोईलवर और दूसरी ओर बिदुपुर तक विस्तारित किया जा रहा है। भविष्य में इसे बक्सर से लेकर फरक्का तक ले जाने का सपना सरकार देख रही है।

Patna News: सपना नहीं, घोषणा हो
मंत्री के जवाब पर विधायक मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जनता को सिर्फ सपना नहीं दिखाया जाना चाहिए, बल्कि परियोजना की आधिकारिक घोषणा की जानी चाहिए ताकि क्षेत्र के लोगों को स्पष्ट संदेश मिले। इस दौरान मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी हस्तक्षेप करते हुए कहा कि अब गंगा पथ को “मरीन ड्राइव” कहना उचित नहीं है। उन्होंने सदन के सदस्यों से अपील की कि इस परियोजना को उसके वास्तविक नाम से ही संबोधित किया जाए। उन्होंने कहा कि हाल की सूचनाओं के अनुसार मुंबई के लोग भी कह रहे हैं कि वहां के मरीन ड्राइव को गंगा पथ जैसा बनाया जाए। अब सुंदरता और आकर्षण का पैमाना गंगा पथ बन गया है।
यदि जेपी गंगा पथ का विस्तार बक्सर तक होता है तो इससे न सिर्फ यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। गंगा किनारे विकसित हो रहा यह कॉरिडोर राज्य की आधारभूत संरचना को नई दिशा दे रहा है। राजनीतिक बयानबाजी के बीच यह स्पष्ट है कि सरकार इस परियोजना को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की योजना बना रही है। अब देखना यह होगा कि बक्सर से फरक्का तक विस्तार की दिशा में सरकार कब ठोस घोषणा करती है।
ये भी पढ़े… ‘डांसर के ठुमके’ पर नोट उड़ाते बक्सर से दारोगा जी का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, SP ने दिए जांच के आदेश






