Home » राष्ट्रीय » धार्मिक, सांस्कृतिक, विकास और कूटनीति- तीन दिनों में गुजरात में पीएम मोदी के कई अहम कार्यक्रम, जानें मिनट टू मिनट कार्यक्रम

धार्मिक, सांस्कृतिक, विकास और कूटनीति- तीन दिनों में गुजरात में पीएम मोदी के कई अहम कार्यक्रम, जानें मिनट टू मिनट कार्यक्रम

PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 से 12 जनवरी तक तीन दिवसीय दौरे पर गुजरात जाएंगे। इस दौरान वे धार्मिक आयोजनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विकास परियोजनाओं और अंतरराष्ट्रीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य के लिए राजनीतिक, आध्यात्मिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

10 जनवरी: सोमनाथ में ओंकार मंत्र जाप और ड्रोन शो

प्रधानमंत्री मोदी 10 जनवरी की शाम को सोमनाथ पहुंचेंगे। रात करीब 8 बजे वे विश्वप्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में ओंकार मंत्र जाप में भाग लेंगे। इसके बाद मंदिर परिसर में आयोजित भव्य ड्रोन शो का अवलोकन करेंगे। यह कार्यक्रम भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय का प्रतीक होगा।

PM Modi Gujarat Visit: 11 जनवरी: शौर्य यात्रा, पूजा-अर्चना और स्वाभिमान पर्व

11 जनवरी को प्रधानमंत्री का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहेगा। सुबह करीब 9:45 बजे वे शौर्य यात्रा में शामिल होंगे, जो सोमनाथ मंदिर की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर योद्धाओं को समर्पित है।

इसके बाद सुबह 10:15 बजे वे सोमनाथ मंदिर में दर्शन और विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे। करीब 11 बजे ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेकर लोगों को संबोधित करेंगे।

राजकोट में वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन

सोमनाथ के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री राजकोट जाएंगे। दोपहर करीब 1:30 बजे वे ट्रेड शो और प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। दोपहर 2 बजे मारवाड़ी यूनिवर्सिटी, राजकोट में वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन कर सभा को संबोधित करेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्र में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देना है।

अहमदाबाद मेट्रो फेज-2 का उद्घाटन

शाम को प्रधानमंत्री अहमदाबाद पहुंचेंगे। करीब 5:15 बजे वे महात्मा मंदिर मेट्रो स्टेशन पर सेक्टर-10ए से महात्मा मंदिर तक अहमदाबाद मेट्रो फेज-2 के शेष हिस्से का उद्घाटन करेंगे। इससे शहर के सार्वजनिक परिवहन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

PM Modi Gujarat Visit: 12 जनवरी: जर्मन चांसलर से मुलाकात और पतंग महोत्सव

12 जनवरी को प्रधानमंत्री अहमदाबाद में जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से मुलाकात करेंगे। सुबह 9:30 बजे दोनों नेता साबरमती आश्रम जाएंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में हिस्सा लेंगे और पतंग उड़ाएंगे।

भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी पर द्विपक्षीय वार्ता

सुबह 11:15 बजे गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। बैठक में भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्षों की प्रगति की समीक्षा और भविष्य की दिशा पर चर्चा की जाएगी।

ये भी पढ़े… इटली की लुक्रेशिया ने अपनाया सनातन धर्म, प्रयागराज माघ मेले में साधना और भजन-कीर्तन में रमीं,विदेशी युवती ने ली दीक्षा, बोलीं- सनातन ने जीवन को नई दिशा दी