PM MODI NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया, जिससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और शहरी परिवहन को नया आयाम मिला है।
सीएम योगी और भाजपा अध्यक्ष ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री के मेरठ पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पहुंचे और परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
PM MODI NEWS: आरआरटीएस के शेष खंडों का भी उद्घाटन
पीएम मोदी ने आरआरटीएस (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) के शेष खंडों का भी उद्घाटन किया। इनमें दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किलोमीटर का हिस्सा और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर का खंड शामिल है। इससे दिल्ली और पश्चिमी यूपी के बीच आवागमन और अधिक तेज व सुगम हो जाएगा।
छात्रों के साथ मेट्रो में किया सफर
प्रधानमंत्री ने मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो की सवारी की और यात्रियों व छात्रों से संवाद किया। इस दौरान छात्रों ने उन्हें अपनी बनाई कुछ तस्वीरें भी दिखाईं, जिस पर प्रधानमंत्री ने उत्साहपूर्वक बातचीत की।
PM MODI NEWS: 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी नमो भारत
नमो भारत ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से चलने में सक्षम है और यह भारत की पहली क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली है। इससे साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहर दिल्ली से तेजी से जुड़ेंगे।
मल्टी-मॉडल हब के रूप में सराय काले खां
कॉरिडोर की शुरुआती स्टेशन सराय काले खां को एक प्रमुख मल्टी-मॉडल हब के रूप में विकसित किया गया है, जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड को जोड़ता है। मेरठ में शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन भी इस नेटवर्क का हिस्सा हैं।
PM MODI NEWS: ट्रैफिक और प्रदूषण में कमी की उम्मीद
नमो भारत और मेरठ मेट्रो का एक ही बुनियादी ढांचे पर एकीकृत संचालन अंतर-शहरी और शहरी यात्रा को आसान बनाएगा। इससे सड़क यातायात का दबाव कम होगा और कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में भी उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
ये भी पढ़े… 20 गिरफ्तार! डिजिटल अरेस्ट गैंग पर पुलिस की करारी कार्रवाई








