PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार की आर्थिक, सामाजिक और विकासात्मक उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि बीते वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में ठोस और ज़मीनी बदलाव देखा है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सहित विभिन्न विपक्षी दलों पर भ्रष्टाचार और नीतिगत विफलताओं का आरोप लगाया।
महिलाओं और MSME को मजबूत समर्थन
पीएम मोदी ने कहा कि मुद्रा योजना के तहत युवाओं को 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक के बिना गारंटी ऋण दिए गए हैं। इन ऋणों का बड़ा हिस्सा महिलाओं ने लिया है, जिससे महिला उद्यमिता को मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों के विस्तार के साथ ही 10 करोड़ महिलाओं को प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता दी गई है। इसके अलावा, एमएसएमई सेक्टर को भी व्यापक स्तर पर ऋण सहायता प्रदान की गई है।
PM Modi: एनपीए ऐतिहासिक निचले स्तर पर
प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपीए शासनकाल में उच्चतम स्तर पर पहुंच चुके गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) अब घटकर 1 प्रतिशत से भी कम रह गई हैं। उन्होंने इसे बैंकों की मजबूत स्थिति का संकेत बताया। पीएम मोदी के अनुसार, बैंकों का मुनाफा रिकॉर्ड स्तर पर है, जो वित्तीय अनुशासन और सुधारों का परिणाम है।
विपक्ष पर तंज, आकांक्षी जिलों का उदाहरण दिया
विपक्ष पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, “तुम कितना दुनिया को धोखा दोगे, आईना देख लिया तो अपनी सच्चाई कहां छुपाओगे।” उन्होंने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद विपक्षी दल जनता के जीवन में बदलाव नहीं ला सके। पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रभावी कार्यान्वयन से आकांक्षी जिले भी विकास के मॉडल बन सकते हैं।
ये भी पढ़ें… मुंबई में बैंक अधिकारी को मराठी न बोलने पर धमकी, वीडियो वायरल







