PM Modi’s Israel visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल के लिए रवाना होने से पहले कहा कि उनकी दो दिवसीय राजकीय यात्रा भारत और इजरायल के बीच स्थायी और मजबूत संबंधों को और गहराई देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी के लिए नए लक्ष्य तय करेगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया कि पीएम मोदी ने कहा कि वे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर 25-26 फरवरी को इजरायल की यात्रा पर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत और इजरायल के बीच बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी है, जिसमें बीते वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति और विस्तार देखने को मिला है।
रणनीतिक सहयोग पर होगी विस्तृत चर्चा
पीएम मोदी ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा और सुरक्षा, व्यापार-निवेश तथा लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
PM Modi’s Israel visit: राष्ट्रपति से मुलाकात और संसद को संबोधन
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इस दौरे के दौरान वे इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे। साथ ही उन्हें इजरायली संसद नेसेट को संबोधित करने का अवसर मिलेगा, जिसे उन्होंने भारत-इजरायल के मजबूत लोकतांत्रिक और संसदीय संबंधों के लिए सम्मान का प्रतीक बताया।
भारतीय प्रवासी समुदाय से संवाद
पीएम मोदी ने कहा कि वे इजरायल में रह रहे भारतीय प्रवासी समुदाय से मुलाकात को लेकर भी उत्साहित हैं, जिन्होंने लंबे समय से भारत-इजरायल की विशेष मित्रता को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई है।
PM Modi’s Israel visit: नौ साल बाद राजकीय दौरा
गौरतलब है कि करीब नौ वर्षों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजकीय यात्रा पर इजरायल जा रहे हैं। वे नेसेट को संबोधित करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री होंगे। पीएम मोदी बुधवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:45 बजे इजरायल पहुंचेंगे, जहां प्रधानमंत्री नेतन्याहू उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे दो दिनों तक विभिन्न आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
ये भी पढे… पत्नी को ‘किराए’ पर देने की बात कहने वाला वीडियो वायरल, सोशल मीडिया में आक्रोश






