Rahul Gandhi: उत्तराखंड को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बातों को देश की जनता गंभीरता से नहीं लेती और उनकी राजनीतिक विश्वसनीयता लगातार सवालों के घेरे में रही है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अक्सर ऐसे बयान देते हैं, जिनका न तो तथ्यों से संबंध होता है और न ही जनता की भावनाओं से।
राहुल गांधी की राजनीति पर मुख्यमंत्री का हमला
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी को कई बार राजनीतिक रूप से स्थापित करने का प्रयास किया, लेकिन वर्षों बाद भी वे जनता के बीच अपनी स्वीकार्यता नहीं बना पाए हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी के बयानों को गंभीरता से नहीं लेती क्योंकि अक्सर उनके वक्तव्यों में स्पष्टता और जिम्मेदारी का अभाव दिखाई देता है। धामी ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन जब देश, सेना और राष्ट्रीय संस्थाओं को लेकर बयान दिए जाते हैं, तब जनता उसे अलग नजरिये से देखती है।
Rahul Gandhi: सेना और पूर्व सैनिकों को लेकर जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा सेना और जवानों को लेकर दिए गए बयानों को उत्तराखंड की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों की भूमि है और यहां लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य सेना से जुड़ा रहा है। धामी ने कहा कि सैनिकों के सम्मान से जुड़े विषयों पर राजनीति करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व समय-समय पर ऐसे बयान देता रहा है, जिससे सैनिक समुदाय की भावनाएं आहत होती हैं।
जनरल बिपिन रावत का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने देश के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत को याद करते हुए कहा कि वे उत्तराखंड का गौरव थे और उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। धामी ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा अतीत में जनरल रावत को लेकर की गई टिप्पणियों को जनता आज भी नहीं भूली है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग अपने सैनिकों और सैन्य नेतृत्व का सम्मान करते हैं तथा उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की टिप्पणी को स्वीकार नहीं करते।
Rahul Gandhi: मौसम के कारण रद्द हुई थी राहुल गांधी की यात्रा
गौरतलब है कि राहुल गांधी चार मई को अल्मोड़ा में एक जनसभा को संबोधित करने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका और उन्हें पंतनगर से वापस लौटना पड़ा। इसके बाद उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर उत्तराखंड की जनता से संवाद किया। अपने संदेश में राहुल गांधी ने कहा था कि वह प्रदेश के आर्थिक, सामाजिक और विकास संबंधी मुद्दों पर लोगों से चर्चा करना चाहते थे। उन्होंने यह भी बताया कि पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ उनकी एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित थी, जो मौसम की वजह से नहीं हो सकी। हालांकि उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें… CM योगी के जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब








