Home » राष्ट्रीय » राजस्थान को रेलवे की बड़ी सौगात, पीएम मोदी ने 8 अमृत स्टेशनों का किया लोकार्पण

राजस्थान को रेलवे की बड़ी सौगात, पीएम मोदी ने 8 अमृत स्टेशनों का किया लोकार्पण

Rajasthan Amrit Stations

Rajasthan Amrit Stations: राजस्थान के रेलवे नेटवर्क को आधुनिक और विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राज्य के 8 पुनर्विकसित अमृत रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया। पंजाब के जालंधर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देशभर के 75 अमृत स्टेशनों का लोकार्पण किया, जिनमें राजस्थान के गोटन, डीग, सोमेसर, दौसा, खैरथल, बाड़मेर, जैसलमेर और गंगापुर सिटी स्टेशन शामिल हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नागौर के गोटन रेलवे स्टेशन से वर्चुअली कार्यक्रम में जुड़े और इसे विकसित राजस्थान की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

रेलवे के आधुनिकीकरण को मिली नई रफ्तार

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे ने पिछले वर्षों में ऐतिहासिक बदलाव देखे हैं। आधुनिक रेलवे स्टेशन, बेहतर यात्री सुविधाएं, सुरक्षित यात्रा और विस्तारित रेल नेटवर्क देश की प्रगति का आधार बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में रेलवे की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और अमृत स्टेशन योजना इस दिशा में बड़ा कदम है।

Rajasthan Amrit Stations: राजस्थान का रेल बजट 15 गुना बढ़ा

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2009-14 के दौरान राजस्थान को रेलवे के लिए 682 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, जो वर्ष 2026-27 में बढ़कर 10,228 करोड़ रुपये हो गया है। वर्तमान में प्रदेश में 76,800 करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे प्रोजेक्ट विभिन्न चरणों में चल रहे हैं। इसके अलावा 4,623 करोड़ रुपये की लागत से 85 रेलवे स्टेशनों का विकास किया जा रहा है, जिनमें कई स्टेशनों का कार्य पूरा भी हो चुका है।

Rajasthan Amrit Stations

वंदे भारत से फ्रेट कॉरिडोर तक विकास

भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में वर्तमान में पांच जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित हो रही हैं और वर्ष 2014 के बाद लगभग 3,900 किलोमीटर नए रेलवे ट्रैक का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू की गई है, जबकि 205 करोड़ रुपये की लागत से खातीपुरा मेगा कोचिंग टर्मिनल भी विकसित किया गया है। उन्होंने वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) को प्रदेश की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार बताते हुए कहा कि राजस्थान में इसके 567 रूट किलोमीटर हिस्से पर लगभग 14,700 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।

Rajasthan Amrit Stations: गोटन स्टेशन बनेगा विकास का नया केंद्र

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि गोटन अमृत स्टेशन नागौर क्षेत्र के विकास का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क, बिजली, पानी, रेलवे और रोजगार जैसे सभी क्षेत्रों में तेज गति से काम कर रही है। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार, राज्य किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी, विधायक लक्ष्मण राम कलरू, रेवंत राम डांगा, रेलवे अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें…अमेरिका का चाबहार पोर्ट पर हमला, ईरान की चेतावनी; वेस्ट एशिया में बढ़ा तनाव