Rajbhar: उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा के पास अब जमीनी समर्थन नहीं बचा है और बड़ी संख्या में यादव व मुस्लिम मतदाता भाजपा की ओर रुख कर रहे हैं।
दादरी रैली से शक्ति प्रदर्शन का दावा
राजभर ने दादरी में आयोजित रैली का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने खुद देखा कि पूर्वांचल सहित कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे। उनके मुताबिक, यह भीड़ एनडीए के बढ़ते जनसमर्थन का संकेत है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी दलों का वोट बैंक मजबूत है, जो आने वाले चुनावों में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
Rajbhar: अखिलेश यादव पर सीधा निशाना
राजभर ने आरोप लगाया कि सपा के पास ऐसा कोई नेता नहीं है जो पूरे प्रदेश में प्रभावी ढंग से वोट दिला सके। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के अंदर ही मतभेद की स्थिति है और कई लोग नहीं चाहते कि सपा सत्ता में आए। उनके अनुसार, अगर सपा के पास वास्तविक समर्थन होता, तो विरोध और बहिष्कार के वीडियो सामने नहीं आते।
सामाजिक समीकरण और धार्मिक मुद्दों पर टिप्पणी
गुर्जर समाज को लेकर राजभर ने कहा कि यह समाज धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है और भगवान राम व कृष्ण में गहरी श्रद्धा रखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव इन मुद्दों पर स्पष्ट रुख नहीं अपनाते। साथ ही, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कई जगहों पर सपा के खिलाफ विरोध देखने को मिल रहा है, जो बदलते राजनीतिक समीकरणों का संकेत है।
ये भी पढ़ें…राज्यसभा से पास, अमरावती बनी स्थायी राजधानी







