Ram Mandir: अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने गुरुवार को अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद एक गुरुकुल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों और शिक्षकों के साथ समय बिताया और भारतीय संस्कृति व परंपरा के संरक्षण के प्रति अपना समर्थन जताया। गुरुकुल के छात्रों ने इस मुलाकात को ‘गर्व और प्रोत्साहन का क्षण’ बताया।
यज्ञ में सहभागिता और छात्रों से संवाद
गौतम अदाणी ने श्री निशुल्क गुरुकुल में आयोजित यज्ञ में भाग लिया और छात्रों से बातचीत की। छात्रों ने बताया कि अदाणी ने उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने गुरुकुल की परंपरा और सनातन मूल्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।
Ram Mandir: संस्कृति संरक्षण पर दिया जोर
गुरुकुल के आचार्य शशिकांत दास ने बताया कि अदाणी ने भारतीय संस्कृति को संरक्षित और आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं व्याकरण आचार्य श्रवण कुमार मिश्रा ने कहा कि यह यात्रा संस्कृत भाषा और परंपरा के प्रति सम्मान को दर्शाती है, जो आज भी समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
परिवार संग किए राम मंदिर के दर्शन
इससे पहले गौतम अदाणी अपने परिवार के साथ राम मंदिर पहुंचे, जहां उनके साथ उनकी पत्नी प्रीति अदाणी और बेटे करण अदाणी भी मौजूद रहे। अदाणी परिवार ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। यह दौरा न केवल आध्यात्मिक बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







