Refrigerator Food Safety Tips: घर में फ्रिज है तो इसका मतलब यह नहीं कि उसमें रखा हर खाना 100% सुरक्षित है। अगर फ्रिज का तापमान सही नहीं होगा, तो ताजा खाना भी बैक्टीरिया की वजह से खराब हो सकता है। इसलिए FDA और USDA ने फ्रिज के लिए एक खास “40-डिग्री नियम” बताया है।खाद्य सुरक्षा एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फ्रिज के अंदर का तापमान खाना खराब होने और बैक्टीरिया पनपने से रोकने में सबसे बड़ी भूमिका निभाता है। FDA की गाइडलाइंस के अनुसार, फ्रिज का अधिकतम सुरक्षित तापमान 40 डिग्री फारेनहाइट होना चाहिए। इसी को “40-डिग्री नियम” कहा जाता है।
लेकिन कंज्यूमर रिपोर्ट्स और फूड सेफ्टी एक्सपर्ट्स मानते हैं कि सबसे बेहतर तापमान 37 डिग्री फारेनहाइट है। यह तापमान न सिर्फ बैक्टीरिया को बढ़ने से रोकता है, बल्कि खाना जमने भी नहीं देता और बिजली की खपत भी कंट्रोल में रहती है।
सही तापमान सेट करने में दिक्कत क्यों आती है?
आजकल नए डिजिटल फ्रिज में आप एकदम सटीक 37°F सेट कर सकते हैं। लेकिन पुराने मॉडल में नंबर डायल, स्नोफ्लेक या लाइट बार दिए होते हैं, जो सीधे तापमान नहीं बताते। ऐसे में सही सेटिंग के लिए मैनुअल देखना पड़ता है।
थर्मोमीटर से करें चेक
सिर्फ एक बार सेटिंग करके छोड़ देना काफी नहीं है। मौसम बदलने या घर का तापमान ऊपर-नीचे होने से फ्रिज का अंदरूनी तापमान भी बदलता है। खासकर गैराज या बालकनी में रखे फ्रिज पर इसका असर ज्यादा होता है। इसलिए बाजार में मिलने वाले नॉर्मल या वाई-फाई वाले डिजिटल थर्मोमीटर से फ्रिज और फ्रीजर का तापमान रेगुलर चेक करते रहें।
FDA का “टू-अवर रूल” भी याद रखें
खाने को सुरक्षित रखने का दूसरा जरूरी नियम है “2 घंटे का नियम”। पका हुआ खाना, टेक-अवे या ग्रॉसरी को 2 घंटे से ज्यादा बाहर न छोड़ें। अगर बाहर का तापमान 90°F से ज्यादा है, तो यह समय घटकर 1 घंटा हो जाता है। गर्म खाना सीधे फ्रिज में न रखें। उसे पहले छोटे-छोटे बर्तनों में बांट लें और 2 घंटे के अंदर फ्रिज में रख दें। सफर या पिकनिक में जा रहे हैं, तो कूलर या आइस बॉक्स का इस्तेमाल करें।
कुल मिलाकर फ्रिज को 37°F से 40°F के बीच रखें, रेगुलर चेक करें और “2 घंटे का नियम” फॉलो करें। थोड़ी-सी सावधानी से आप अपने खाने को बैक्टीरिया से बचा सकते हैं और पूरे परिवार को फूड पॉइजनिंग जैसी परेशानी से बचा सकते हैं।
यह भी पढे़…‘ईरान वादे निभाए, तभी आगे बढ़ेगी बातचीत’, फिलीपींस से मार्को रुबियो का सख्त संदेश








