Rinku singh ai video: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक AI वीडियो को लेकर विवादों में घिर गए हैं। वीडियो में भगवानों को AI अवतार में दिखाए जाने पर करणी सेना ने आपत्ति जताते हुए अलीगढ़ के सासनी गेट थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
भगवानों को AI अवतार में दिखाने पर भड़का विवाद
दरअसल, रिंकू सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह क्रिकेट के मैदान में शॉट लगाते नजर आते हैं। इसके बाद के दृश्य में भगवान शिव, हनुमान, विष्णु और गणेश को थार कार में काला चश्मा पहने दिखाया गया है। वीडियो के बैकग्राउंड में अंग्रेजी गाना चल रहा है। इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस शुरू हो गई।
Rinku singh ai video: करणी सेना ने जताया विरोध, FIR की मांग
वीडियो वायरल होते ही करणी सेना के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। संगठन के जिलाध्यक्ष सुमित तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ता रविवार को सासनी गेट थाने पहुंचे और रिंकू सिंह के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो सनातन धर्म की भावनाओं का अपमान है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Rinku singh ai video: ‘सनातन धर्म का अपमान’, आंदोलन की चेतावनी
करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुमित तोमर ने कहा कि भगवानों को काला चश्मा पहनाकर थार में दिखाना और अंग्रेजी गानों पर प्रस्तुत करना आस्था के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि रिंकू सिंह सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस बोली- वीडियो की सत्यता की होगी जांच
इस मामले में सासनी गेट थाना प्रभारी ने बताया कि करणी सेना की ओर से तहरीर मिल चुकी है। वीडियो की सत्यता और पोस्ट करने वाले अकाउंट की जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि रिंकू सिंह हाल ही में सपा सांसद प्रिया सरोज के साथ सगाई को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। दोनों की शादी पहले नवंबर में प्रस्तावित थी, जिसे घरेलू क्रिकेट व्यस्तताओं के चलते आगे बढ़ा दिया गया है।
यह भी पढे़ : किश्तवाड़ मुठभेड़ में घायल जवान शहीद, जंगलों में दूसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी







