Saharanpur Police: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सहारनपुर पुलिस द्वारा जनपद-व्यापी सघन जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध केंद्रित रहा।

क्षेत्रों में विशेष अभियान संचालित
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान संचालित किया गया। इस दौरान प्रमुख मार्गों, चौराहों, हाईवे, बाजार क्षेत्रों एवं दुर्घटना संभावित स्थानों पर सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच कर यह सुनिश्चित किया कि कोई भी व्यक्ति नशे की अवस्था में वाहन न चला सके।
Saharanpur Police: सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष निगरानी
अभियान के अंतर्गत शराब के ठेकों तथा उनके आसपास स्थित होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, ढेलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। संबंधित संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी व्यक्ति को वाहन चलाने की अनुमति न दी जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई, वहीं कई लोगों को मौके पर ही समझाइश देकर भविष्य में नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस कर्मियों ने आमजन को बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल स्वयं के लिए बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।

क्या है अभियान का मुख्य उद्देश्य
सहारनपुर पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ जन-जागरूकता को बढ़ाना है, ताकि लोग स्वयं जिम्मेदारी समझें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, सुरक्षित रहें और सुरक्षित घर पहुंचें, क्योंकि घर पर आपका कोई न कोई इंतजार कर रहा होता है।
सहारनपुर पुलिस द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके और जनपद को सुरक्षित बनाया जा सके।
ये भी पढ़े… मेरठ में SIR अभियान: 2.75 लाख वोटरों पर नोटिस की तलवार, पहले दिन 40 हजार को अलर्ट







