Salim Khan Health Update: हिंदी सिनेमा के मशहूर स्क्रिप्ट राइटर और अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके बाद तुरंत इलाज शुरू किया गया।अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सलीम खान को सुबह इमरजेंसी में लाया गया था। उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम बनाई गई, जिसमें न्यूरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन शामिल हैं। शुरुआती जांच के बाद डिजिटल सब्ट्रैक्शन एंजियोग्राफी (DSA) की गई, जिससे दिमाग की नसों में हुई समस्या को साफ तौर पर देखा जा सके।
छोटी सर्जिकल प्रोसीजर, ब्रेन सर्जरी नहीं
डॉक्टरों ने बताया कि सलीम खान की एक छोटी सर्जिकल प्रोसीजर की गई है, जिसे सफल माना जा रहा है। यह कोई बड़ी ब्रेन सर्जरी नहीं थी। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वे रिकवरी कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें कुछ दिन और निगरानी में रखा जाएगा, उसके बाद ही डिस्चार्ज पर फैसला लिया जाएगा।
Salim Khan Health Update: परिवार और करीबी पहुंचे अस्पताल
खबर मिलते ही परिवार के सदस्य और करीबी लोग अस्पताल पहुंचे। सलमान खान शूटिंग छोड़कर पिता से मिलने पहुंचे, वहीं अरबाज खान, सोहेल खान समेत परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल में मौजूद रहे। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कुछ करीबी दोस्त भी हालचाल लेने पहुंचे।
Salim Khan Health Update: हिंदी सिनेमा के दिग्गज लेखक
90 वर्ष के सलीम खान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे सम्मानित लेखकों में गिने जाते हैं। उन्होंने जावेद अख्तर के साथ ‘सलीम–जावेद’ की मशहूर जोड़ी बनाकर जंजीर, दीवार, शोले और डॉन जैसी कई सुपरहिट फिल्में दीं। उनकी लिखी कहानियों और डायलॉग्स ने हिंदी सिनेमा की दिशा बदल दी और लेखकों को नई पहचान दिलाई।डॉक्टरों के मुताबिक सलीम खान की स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं। अगर सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। परिवार और फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
ये भी पढ़े: मायावती का ऐलान: 2027 में बसपा अकेले मैदान में, गठबंधन की खबरों को बताया साजिश






