Sebia Guava: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में उगाया जाने वाला सेबिया अमरूद इन दिनों स्वाद के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य लाभों के कारण चर्चा में है। पर्यटन विभाग के अनुसार, सुर्खा या सेबिया अमरूद अपनी मिठास और पौष्टिक गुणों की वजह से देश-विदेश में मांग वाला फल है। इस अमरूद को वर्ष 2007 में भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग मिला था। सर्दियों के मौसम में इसकी मांग बढ़ जाती है और बाजार में यह 100 से 150 रुपये प्रति किलो तक बिकता है। इसकी बाहरी सतह हल्की पीली-हरी होती है, जबकि अंदर का गूदा लाल या गुलाबी रंग का होता है, जो दिखने में सेब जैसा लगता है।
इम्युनिटी बढ़ाने में मददगार
विशेषज्ञों के अनुसार सेबिया अमरूद में विटामिन सी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करता है। सर्दियों में इसके सेवन से सर्दी और खांसी जैसी समस्याओं से बचाव में सहायता मिल सकती है।
Sebia Guava: पाचन तंत्र के लिए लाभकारी
इस फल में रेशा अच्छी मात्रा में होता है, जो पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है। नियमित सेवन से कब्ज की समस्या कम हो सकती है और आंतों को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है।
Sebia Guava: हृदय और वजन नियंत्रण में सहायक
सेबिया अमरूद में मौजूद पोटेशियम और प्रतिऑक्सीक तत्व रक्तचाप नियंत्रित रखने और कोलेस्ट्रॉल कम करने में सहायक माने जाते हैं। कम कैलोरी और अधिक रेशा होने के कारण यह वजन नियंत्रित करने में भी उपयोगी माना जाता है।
त्वचा स्वास्थ्य में भी उपयोगी
विशेषज्ञों का कहना है कि इसमें मौजूद प्रतिऑक्सीक तत्व त्वचा को स्वस्थ रखने और सूजन कम करने में मदद कर सकते हैं हालांकि किसी भी फल का सेवन संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए और विशेष स्वास्थ्य स्थिति में चिकित्सक की सलाह लेना जरूरी है।
यह भी पढे़ : Healthy Habits: गुनगुना पानी, योग और संतुलित भोजन, सेहत के आसान मंत्र






