Shayan attack on Imran: उत्तर प्रदेश की सियासत में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच बढ़ती खींचतान के बीच सहारनपुर सांसद इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद ने कांग्रेस का साथ छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सपा में शामिल होने के बाद शायान मसूद ने अपने ससुर इमरान मसूद पर खुलकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह इमरान मसूद की राजनीतिक विचारधारा से सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी को हराने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होकर काम करना होगा।
‘अखिलेश पर हमला BJP को फायदा पहुंचाना’
शायान मसूद ने कहा कि अगर बीजेपी को हराना लक्ष्य है तो बीजेपी के खिलाफ बोलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान मसूद अखिलेश यादव पर लगातार हमला कर रहे हैं। शायान ने कहा कि अखिलेश यादव ही उत्तर प्रदेश में बीजेपी को चुनौती दे सकते हैं। ऐसे में अगर कोई अखिलेश यादव पर हमला करता है तो उसका सीधा फायदा बीजेपी को पहुंचता है। उन्होंने कहा कि इसी वैचारिक मतभेद के कारण उन्होंने कांग्रेस छोड़कर सपा का हाथ थामा है।
Shayan attack on Imran: ‘सिर्फ अखिलेश पर हमला करना एजेंडा’
शायान मसूद ने आरोप लगाया कि इमरान मसूद ने अखिलेश यादव को निशाना बनाना अपना मुख्य एजेंडा बना लिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को हराने की बात करने वाले अगर समाजवादी पार्टी से ही राजनीतिक लड़ाई लड़ेंगे तो इससे बीजेपी को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य बीजेपी और कथित सांप्रदायिक ताकतों को हराना है। शायान ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के प्रति लोगों का समर्थन बढ़ रहा है और पीडीए की स्वीकार्यता भी तेजी से बढ़ रही है।
अखिलेश यादव से की मुलाकात
सपा की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, लखनऊ में शादान मसूद, शायान मसूद और उनके समर्थकों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की।
ये भी पढ़े… सचिवों के साथ पीएम मोदी की हाईलेवल बैठक, AI-डेटा से लेकर सुरक्षा और कनेक्टिविटी पर जोर








