Siliguri News: नक्सलबाड़ी स्थित जाबरा डिवीजन के चाय बागानों में पिछले तीन महीनों से तेंदुए की दहशत से परेशान चाय मजदूरों को शनिवार तड़के बड़ी राहत मिली। पानीघाटा वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ फंस गया, जिससे मजदूरों ने राहत की सांस ली।
चारे के लालच में पिंजरे में कैद
जानकारी के अनुसार, चाय बागान में तेंदुए की मौजूदगी से डर के माहौल में मजदूरों ने 13 दिसंबर को वन विभाग को ज्ञापन सौंपकर पिंजरा लगाने की मांग की थी। उनकी मांग को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने पिछले गुरुवार को चाय बागान में पिंजरा स्थापित किया। शनिवार सुबह तेंदुए ने चारे के लालच में पिंजरे में प्रवेश किया और फंस गया। पिंजरे में तेंदुए को देखकर चाय मजदूरों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने तेंदुए को सुरक्षित रूप से कब्जे में ले लिया। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और उसके बाद उसे घने जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
Siliguri News: चाय बागान के मजदूरों की सुरक्षा
चाय मजदूरों ने पिंजरे में तेंदुआ फंसने की घटना को लेकर खुशी जताई, लेकिन उनका कहना है कि चाय बागान क्षेत्र में और भी तेंदुए होने की संभावना है। इस कारण उन्होंने सुरक्षा को लेकर दोबारा पिंजरा लगाने की मांग की है। वन विभाग भी इस दिशा में निगरानी बढ़ाने और चाय बागान के मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जंगल और मानव बस्तियों के बीच संतुलन बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
Report By: Pijush
ये भी पढ़े… मेघालय सीमा पर सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: घुसपैठ की कोशिश कर रहे 2 बांग्लादेशी ढेर







