Sonam Wangchuk: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। बुधवार को आंदोलन का 32वां दिन है। छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार धरना दे रहे हैं। इस बीच पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने साफ कहा है कि अब वे सरकार से बातचीत करने नहीं जाएंगे। अगर सरकार बातचीत करना चाहती है तो उसे खुद जंतर-मंतर आना होगा।
सरकार की बड़ी पहल
इसी बीच सरकार की ओर से एक अहम कदम उठाया गया है। जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में जाकर सोनम वांगचुक से मुलाकात की। इसे दिल्ली में चल रहे गतिरोध को खत्म करने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
अस्पताल में भर्ती हैं सोनम वांगचुक
सूत्रों के अनुसार, सोनम वांगचुक इस समय मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। वह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने नीट समेत कई परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर अपना अनशन शुरू किया है।दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार को उन्हें सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी मिली थी। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने उनसे मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
सड़क से संसद तक बढ़ा विवाद
नीट पेपर लीक का मामला अब सड़क से लेकर संसद तक पहुंच चुका है। विपक्षी दल लगातार इस मुद्दे पर सरकार को घेर रहे हैं। सरकार का कहना है कि वह संसद में इस विषय पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष फिर भी सड़कों पर प्रदर्शन कर रहा है।
विपक्ष का सरकार पर हमला
कई विपक्षी नेता जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन कर चुके हैं और सरकार के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं। बुधवार देर रात शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे भी जंतर-मंतर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के हित में काम नहीं करना चाहती।वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जब तक सरकार छात्रों की मांगें नहीं मानती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।सरकार का कहना है कि वह इस पूरे मामले में सख्त कार्रवाई कर रही है। साथ ही उसका आरोप है कि विपक्ष इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।







