Sonam Wangchuk: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके समेत कई लोगों को हिरासत में लिए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी और प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सरकार से अगले 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार लोगों को रिहा करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह खुद भी अनशन, प्रदर्शन या पदयात्रा करने पर विचार कर सकते हैं।
Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक ने सरकार को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम-
सोनम वांगचुक ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर दिल्ली में हुई गिरफ्तारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन इसके बजाय बड़ी संख्या में छात्र नेताओं, पत्रकारों और वकीलों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने सरकार से अपील की कि गिरफ्तार किए गए लोगों को अगले 24 घंटे के भीतर रिहा किया जाए। वांगचुक ने कहा कि देशभर में अघोषित आपातकाल जैसे हालात नजर आ रहे हैं।
Sonam Wangchuk: प्रदर्शनकारियों की रिहाई नहीं हुई तो खुद उतरेंगे मैदान में-
सोनम वांगचुक ने स्पष्ट किया कि अगर सरकार ने प्रदर्शनकारियों के प्रति नरमी नहीं दिखाई और उन्हें रिहा नहीं किया, तो वह भी शांतिपूर्ण आंदोलन करने पर विचार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसमें धरना, प्रदर्शन या अनशन जैसे कदम शामिल हो सकते हैं। यह आंदोलन दिल्ली से लेकर लद्दाख तक कहीं भी किया जा सकता है। वांगचुक ने कहा कि उन्हें अब भी उम्मीद है कि सरकार इस मामले में उचित कदम उठाएगी और उन्हें आंदोलन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अब तक CJP प्रदर्शन से दूरी बनाए हुए थे वांगचुक-
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक अब तक इस बार के CJP प्रदर्शन से खुद को दूर रख रहे थे। हालांकि, शनिवार शाम को उनका रुख बदला हुआ नजर आया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी पर चिंता जताते हुए खुद आंदोलन में शामिल होने की संभावना जाहिर की। लद्दाख में लंबे समय से पर्यावरण और जलवायु से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय वांगचुक ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार पर जोर दिया और सरकार से हिरासत में लिए गए लोगों को जल्द रिहा करने की मांग की।
दिल्ली में प्रदर्शन और गिरफ्तारियों को लेकर विवाद-
दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को अनुमति नहीं मिलने और कई लोगों को हिरासत में लिए जाने के बाद विवाद बढ़ गया है। इस मामले में सोनम वांगचुक की चेतावनी ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। अब सबकी नजर सरकार के अगले कदम पर है। यदि अगले 24 घंटे में प्रदर्शनकारियों को रिहा नहीं किया जाता है, तो सोनम वांगचुक अपने आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तय कर सकते हैं।
यह भी पढ़े- अखिलेश के चैलेंज पर योगी का पलटवार, बोले- अयोध्या आइए, मैं भी लड़ूंगा चुनाव









