Supreme Court News: भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने सोशल मीडिया पर मिलने वाली लोकप्रियता को लेकर युवाओं को महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसिद्ध होना आसान है, लेकिन इसे अपनी सफलता नहीं समझना चाहिए। असली सम्मान और स्थायी पहचान मेहनत, ईमानदारी और अदालत में किए गए काम से मिलती है।
‘सोशल मीडिया की लोकप्रियता सफलता नहीं’
सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड एसोसिएशन (SCAORA) के कार्यक्रम में नए एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड (AoR) को संबोधित करते हुए सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया पर चर्चा में आना आसान हो गया है, लेकिन ऑनलाइन विजिबिलिटी कभी भी विश्वसनीयता का विकल्प नहीं बन सकती। उन्होंने कहा, “टीवी चैनलों की तरह टीआरपी के पीछे मत भागिए। आपकी असली पहचान अदालत, सहकर्मियों, मुवक्किलों और बार के बीच आपके काम से बनती है।”
Supreme Court News: पहले खुद को सक्षम वकील बनाइए
सीजेआई ने युवा वकीलों को सलाह दी कि वे करियर की शुरुआत में बड़ी लॉ फर्म खोलने या विस्तार करने की बजाय अपनी कानूनी क्षमता विकसित करने पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि डिग्रियां और पद केवल अवसर देते हैं, लेकिन सफल करियर की नींव काम की गुणवत्ता पर ही टिकी होती है।
‘ड्राफ्टिंग ही वकालत की आत्मा’
अपने शुरुआती अनुभव साझा करते हुए सीजेआई ने कहा कि प्रभावी ड्राफ्टिंग एक वकील की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने बताया कि करियर के शुरुआती दौर में उनकी ड्राफ्टिंग क्षमता के कारण वरिष्ठ वकील भी उनसे जटिल मामलों के मसौदे तैयार करवाते थे। उन्होंने युवा वकीलों से आग्रह किया कि हर याचिका को इस तरह तैयार करें कि न्यायाधीश उसे शुरू से अंत तक रुचि के साथ पढ़ें।
Supreme Court News: AI पर पूरी तरह निर्भर न रहें
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग पर उन्होंने सावधानी बरतने की सलाह दी। सीजेआई ने कहा कि AI शोध और संदर्भ जुटाने में मददगार हो सकता है, लेकिन यह किसी वकील की समझ, विवेक और मानवीय संवेदनशीलता का विकल्प नहीं बन सकता। उन्होंने कहा, “मुवक्किल अपना मामला किसी मशीन को नहीं, बल्कि आपको सौंपता है। इसलिए AI को सहायक की तरह इस्तेमाल करें, अपनी सोच का विकल्प न बनने दें।”
गरीबों को कानूनी सहायता देने की अपील
मुख्य न्यायाधीश ने युवा अधिवक्ताओं से वंचित और जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता देने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूरी निष्ठा से लड़ा गया एक कानूनी सहायता का मामला भी किसी गरीब परिवार का जीवन बदल सकता है।
ये भी पढे़े… कौन हैं सोनिया सहरावत? CJP प्रदर्शन में घायल RAF अफसर अब सोशल मीडिया विवाद के घेरे में !








