T20 World Cup: टी-20 विश्व कप 2026 में आज का दिन क्रिकेट प्रशंसकों के लिए काफी रोमांचक रहने वाला है। आज टूर्नामेंट में कुल तीन महत्वपूर्ण मैच खेले जाएंगे। इन मुकाबलों का असर सीधा अंक तालिका पर पड़ेगा और यह तय करने में मदद करेगा कि कौन-सी टीमें अगले दौर में पहुंचने की मजबूत स्थिति में होंगी।

ग्रुप डी में सुबह मुकाबला
दिन का पहला मैच ग्रुप डी की टीमों के बीच होगा। इसमें अफगानिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा और भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे शुरू होगा।
अगर ग्रुप डी की स्थिति देखें तो दक्षिण अफ्रीका ने अब तक अपने तीनों मैच जीतकर पहला स्थान हासिल किया हुआ है। न्यूजीलैंड ने तीन में से दो मैच जीते हैं और वह दूसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान की टीम अपने दोनों मुकाबले हार चुकी है और उसका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ उसे पांच विकेट से हार मिली थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच बेहद रोमांचक रहा था। वह मुकाबला टाई हो गया था। पहला सुपर ओवर भी बराबरी पर खत्म हुआ, लेकिन दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने जीत हासिल कर ली।
T20 World Cup: ईडन गार्डन्स में बड़ा मुकाबला
संयुक्त अरब अमीरात की टीम ने अब तक दो मैच खेले हैं, जिनमें से एक में जीत मिली है। अपने पहले मैच में उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 विकेट से बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि दूसरे मैच में टीम ने कनाडा को पांच विकेट से हराकर अच्छी वापसी की।
आज का दूसरा मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान में खेला जाएगा। यह मुकाबला ग्रुप सी की टीमों इंग्लैंड और इटली के बीच होगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा। इंग्लैंड ने अब तक तीन मैचों में से दो जीते हैं और एक हारा है। वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रन से हराया था, जबकि नेपाल और स्कॉटलैंड के खिलाफ इंग्लैंड ने जीत दर्ज की थी।

इटली का ऐतिहासिक पदार्पण प्रदर्शन
इटली की टीम पहली बार टी-20 विश्व कप में हिस्सा ले रही है। उसने अपने पिछले मैच में नेपाल को 10 विकेट से हराया था। हालांकि पहले मुकाबले में उसे स्कॉटलैंड के खिलाफ 73 रन से हार मिली थी। इस ग्रुप से वेस्टइंडीज पहले ही अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर चुका है, जबकि नेपाल टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है।
दिन का तीसरा और सबसे अहम मुकाबला शाम 7 बजे श्रीलंका के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में मेजबान श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया आमने-सामने होंगे। ग्रुप में श्रीलंका शीर्ष स्थान पर है और उसने अपने दोनों मैच जीते हैं। उसने आयरलैंड और ओमान को हराया है।
हार के बाद वापसी चुनौती
ऑस्ट्रेलिया को अपने पिछले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा था, जिसे इस टूर्नामेंट का बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। हालांकि अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को 67 रन से हराया था। अब टीम की कोशिश होगी कि वह पिछली हार को भूलकर फिर से जीत की राह पर लौटे।






