T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के आक्रामक ओपनर अभिषेक शर्मा के लिए टूर्नामेंट अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले अभिषेक ने मैदान पर एक अलग ही टोटका आजमाया। राष्ट्रगान के दौरान वह तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जर्सी पहने नजर आए, लेकिन बल्लेबाजी पर जाने से पहले उन्होंने इसे उतारकर मोहम्मद सिराज की जर्सी पहन ली। फैंस को लगा कि शायद लगातार शून्य पर आउट होने के बाद वह किस्मत बदलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह बदलाव भी काम नहीं आया और वह फिर से बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
तीन मैच, तीन डक और बढ़ती चिंता
टी20 वर्ल्ड कप में अब तक खेले तीन मैचों में अभिषेक शर्मा अपना खाता तक नहीं खोल पाए हैं। यूएसए के खिलाफ पहले मैच में वह गोल्डन डक का शिकार हुए थे। इसके बाद तबीयत खराब होने की वजह से नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं खेल सके। वापसी पाकिस्तान के खिलाफ हुई, लेकिन वहां भी वह शून्य पर आउट हो गए। बुधवार को नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले में भी उनकी पारी पहले ओवर में खत्म हो गई। इस तरह लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट होकर उन्होंने एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया।
T20 World Cup 2026: भारतीय खिलाड़ियों में डक का नया रिकॉर्ड
नीदरलैंड के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा बड़े शॉट खेलने के इरादे से उतरे थे, लेकिन स्पिनर आर्यन दत्त की गेंद को सही से पढ़ नहीं सके और पहली ही ओवर में बोल्ड हो गए। आक्रामक अंदाज उनकी पहचान रहा है, मगर इस टूर्नामेंट में वही अंदाज उनके लिए मुश्किल बनता दिख रहा है।लगातार तीन बार शून्य पर आउट होने के साथ ही अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा ‘डक’ झेलने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। इस सूची में वह अब पूर्व भारतीय खिलाड़ी आशीष नेहरा के साथ संयुक्त रूप से ऊपर हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देखें तो पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी और श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान के नाम टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा—पांच-पांच बार—डक पर आउट होने का रिकॉर्ड है।
T20 World Cup 2026: टीम जीत रही, लेकिन नजरें अभिषेक पर
अभिषेक की खराब फॉर्म के बावजूद भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। ग्रुप स्टेज के सभी मैच जीतकर टीम इंडिया सुपर-8 में जगह बना चुकी है। अब उम्मीद की जा रही है कि अगले दौर में अभिषेक अपनी पुरानी लय में लौटेंगे और टीम को मजबूत शुरुआत देंगे। भारत का अगला मुकाबला 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला जाना है, जहां उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी।भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने अभिषेक शर्मा को सलाह दी है कि वह शुरुआत में बड़े शॉट खेलने की जल्दबाजी न करें। उनके मुताबिक, पहले एक-दो रन लेकर आत्मविश्वास हासिल करना जरूरी है, उसके बाद वह अपने स्वाभाविक आक्रामक खेल में लौट सकते हैं।अब सभी की नजरें सुपर-8 के मुकाबलों पर हैं क्या अभिषेक शर्मा वहां अपनी फॉर्म में वापसी कर पाएंगे या यह खराब दौर कुछ और लंबा चलेगा, यह देखने वाली बात होगी।
ये भी पढ़े: छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती: स्वाभिमान, साहस और स्वराज्य की अमर गाथा






