UP News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया। यहां मझोला थाना क्षेत्र के 52 कोठी इलाके में चौकीदारी कर रही एक 50 वर्षीय महिला की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
15 साल से कर रही थीं चौकीदारी
मृतका की पहचान थाना कुन्दरकी क्षेत्र के मोहल्ला उचकानी निवासी नन्नी पत्नी स्वर्गीय अब्दुल हामिद (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, नन्नी पिछले करीब 15 वर्षों से लाल पंप के पास 52 कोठी क्षेत्र में चौकीदारी का काम कर रही थीं। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं और इलाके में उनकी छवि एक शांत व मेहनती महिला के रूप में थी। सोमवार देर शाम वह रोज की तरह ड्यूटी पर थीं, तभी चार युवक मौके पर पहुंचे और अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने नन्नी के गले में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

UP News: बच्चों के सामने हुई वारदात
परिजनों का कहना है कि घटना के समय मृतका के दो बेटे भी आसपास मौजूद थे। आरोप है कि हमलावरों ने एक बच्चे के दोनों हाथ बांध दिए ताकि वह विरोध न कर सके। किसी तरह बच्चों ने अपने पिता को सूचना दी कि उनकी मां को गोली मार दी गई है। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। वहीं गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। जब आरोपी वारदात को अंजाम देकर भागने लगे तो स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया। हालांकि उसके तीन साथी अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
Report By: BP Upadhyay
ये भी पढ़े… मुरादाबाद में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत मुठभेड़ में गोकशी के आरोपी को दबोचा






