UP News: मुरादाबाद जिले के महानगर में गो-रक्षा से जुड़े एक मामले में हिन्दू संगठन के पदाधिकारी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत हरथला मार्केट में आधा दर्जन से अधिक गोतस्करों ने राष्ट्रीय बजरंग दल के मंडल अध्यक्ष वंश चौधरी को घेरकर बेरहमी से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित वंश चौधरी ने इस हमले के पीछे गोतस्करों का हाथ बताते हुए चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्या था मामला?
घटना 6 फरवरी की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय बजरंग दल के मंडल अध्यक्ष वंश चौधरी किसी निजी कार्य से थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित हरथला मार्केट गए हुए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन से अधिक लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके साथ लाठी-डंडों और घूंसे से मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वंश चौधरी का आरोप है कि कुछ समय पूर्व उन्होंने गोवंश से भरी एक संदिग्ध गाड़ी का पीछा कर उसे पकड़वाने का प्रयास किया था। उस दौरान वे अकेले होने के कारण गाड़ी को पकड़ नहीं पाए थे, लेकिन उन्होंने उसमें शामिल गोतस्करों की पहचान कर ली थी। पीड़ित का कहना है कि उसी घटना के बाद से गोतस्कर उनकी रेकी करने लगे थे।

आरोप है कि 6 फरवरी को मौका पाकर गोतस्कर मुंह ढककर हरथला मार्केट पहुंचे और वंश चौधरी पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। सिर में गहरी चोट लगने के कारण उन्हें आधा दर्जन से अधिक टांके लगाए गए हैघटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शाबेज अली, हसनैन, जैकी और सलमान सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
UP News: मामले में पुलिस क्या बोली?
जिला अस्पताल में भर्ती वंश चौधरी ने पुलिस प्रशासन से सभी गोतस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
Report By: सलमान युसूफ
ये भी पढ़े… मुस्लिमों को एकजुटता का आह्वान कर, अन्य दलों पर गरजे AIMIM प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली







