Home » उत्तर प्रदेश » मुस्लिमों को एकजुटता का आह्वान कर, अन्य दलों पर गरजे AIMIM प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली

मुस्लिमों को एकजुटता का आह्वान कर, अन्य दलों पर गरजे AIMIM प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली

UP News

UP News: मुरादाबाद जनपद के ग्राम कुरी रवाना में शनिवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की ओर से एक बड़े राजनीतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान पूरा इलाका AIMIM के झंडों और नारों से गूंज उठा।

मुस्लिम समाज केवल वोट बैंक

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में AIMIM के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली मौजूद रहे। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ जोरदार स्वागत किया। मंच से संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और तीनों दलों पर मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

शौकत अली ने अपने संबोधन में कहा कि आज़ादी के बाद से अब तक अलग-अलग सरकारों के दौरान हुई सांप्रदायिक घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि मुसलमानों के हितों और सुरक्षा के साथ बार-बार समझौता किया गया। उन्होंने कहा कि जब-जब सत्ता की जरूरत पड़ी, तब मुसलमानों से वादे किए गए, लेकिन सत्ता में आते ही उन्हें भुला दिया गया। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय मुसलमानों की जान-माल की समुचित सुरक्षा नहीं की गई। इसी तरह बाबरी मस्जिद विध्वंस और वर्ष 1980 के मुरादाबाद ईदगाह दंगों का हवाला देते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि उन घटनाओं के समय सत्ता में कौन-कौन सी पार्टियां थीं, यह समाज को याद रखना चाहिए।

UP News: भाजपा सरकार पर भी तीखा हमला

प्रदेश अध्यक्ष ने मौजूदा भाजपा सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में मुसलमानों के खिलाफ हिंसा, उत्पीड़न और भेदभाव की घटनाओं में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि कभी गोकशी के नाम पर तो कभी नाम और पहचान के आधार पर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। शौकत अली ने कहा कि अब ऐसे हालात को और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और समाज को अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए खुद आगे आना होगा। अपने भाषण में उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि मुसलमान अपने नेतृत्व को खुद तैयार करें। उन्होंने कहा, “अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा और न ही कुर्सी लगाएगा, बल्कि खुद नेतृत्व करेगा।” उन्होंने आगामी ग्राम पंचायत चुनावों और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी अभी से शुरू करने पर जोर दिया।

शौकत अली ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर AIMIM की नीतियों, विचारधारा और कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और समाज के हर वर्ग को जोड़ने पर विशेष बल दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि AIMIM ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो खुलकर मुसलमानों, दलितों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की बात करती है। उन्होंने जनता से अपील की कि दिखावे, खोखले वादों और अवसरवादी राजनीति करने वाली पार्टियों से दूरी बनाकर एक मजबूत, ईमानदार और वैकल्पिक राजनीतिक शक्ति को समर्थन दें। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए संगठन विस्तार और आने वाले चुनावों में मजबूती से उतरने का संकल्प लिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

Report By: सलमान युसूफ

ये भी पढ़े़… मोहम्मदी बार एसोसिएशन चुनाव में अवधेश चंद्र त्रिवेदी और पंकज कश्यप की ऐतिहासिक जीत, तहसील परिसर में मना जश्न