UP News: झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीगेट मोहल्ले में एक सिपाही और स्थानीय परिवार के बीच कचरा डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गंभीर हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला झांसी के लक्ष्मीगेट इलाके का बताया जा रहा है, जहां कचरा फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच पहले महिलाओं में कहासुनी हुई, जो बाद में पुरुषों के शामिल होने पर विवाद में बदल गई।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
स्थानीय जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत कचरा डालने की एक सामान्य बात को लेकर हुई थी। पहले महिलाओं के बीच बहस शुरू हुई, लेकिन जल्द ही दोनों पक्षों के पुरुष भी इसमें शामिल हो गए। इसी दौरान एक पक्ष से जुड़े सिपाही ने कथित तौर पर दो लोगों की कॉलर पकड़कर उन्हें डांटना-फटकारना शुरू कर दिया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

विवाद के दौरान एक महिला ने घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करना शुरू किया। जैसे ही सिपाही की नजर वीडियो बनाती महिला पर पड़ी, वह कथित रूप से आक्रोशित हो गया। आरोप है कि उसने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग पुलिसकर्मी के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं।
UP News: कचरा फेंकने को लेकर विवाद
मामले के वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। अधिकारियों के अनुसार, 9 अप्रैल को हुए इस विवाद का वीडियो सामने आया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह विवाद सिपाही और एक किराएदार के बीच कचरा फेंकने को लेकर हुआ था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता (राजीनामा) भी हो गया था, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं। सीओ सिटी को पूरे मामले की विस्तृत जांच सौंपी गई है।








