UP News: जनसंख्या वृद्धि और सामाजिक संतुलन के अपने एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए हिंदू रक्षा दल ने एक विवादास्पद लेकिन चर्चा का विषय बनी अपनी घोषणा को अमली जामा पहनाना शुरू कर दिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने वादे के मुताबिक चौथी संतान के जन्म पर एक हिंदू दंपति को नकद प्रोत्साहन राशि भेंट की है।

पिंकी चौधरी ने पूर्व में एलान किया था कि हिंदू समाज की जनसंख्या वृद्धि को प्रोत्साहित करने के लिए संगठन आर्थिक मदद देगा। इसी क्रम में, दिल्ली के गगन विहार निवासी मनोज और पुष्पा के घर 6 फरवरी को चौथी बेटी ने जन्म लिया। इस जानकारी के मिलते ही पिंकी चौधरी ने दंपति से मुलाकात की और उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप 21,000 रुपये की राशि सौंपी।
संगठन की नीति को स्पष्ट करते हुए पिंकी चौधरी ने दोहराया कि यह अभियान केवल एक परिवार तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई हिंदू परिवार पांचवें बच्चे को जन्म देता है, तो संगठन की ओर से उसे 31,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। चौधरी का तर्क है कि हिंदू परिवारों को अपनी जनसंख्या बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना आवश्यक है।

रुपये बांटने और इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जहां एक ओर समर्थक इसे अपनी संस्कृति और संख्या बल को बचाने की पहल मान रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जनसंख्या नियंत्रण के दौर में इस तरह के प्रोत्साहन पर बहस भी छिड़ गई है। फिलहाल, पिंकी चौधरी का यह ‘पुरस्कार वितरण’ इलाके में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
Report BY: विभु मिश्रा
ये भी पढ़े… शादी से 7 दिन पहले अलीगढ़ में दरोगा सस्पेंड, महिला सिपाही ने लगाया अश्लील मैसेज भेजने का गंभीर आरोप






