UP News: लखीमपुर-खीरी में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई बड़े ऐलान और सख्त संदेश दिए। उन्होंने खीरी जिले के मियांपुर गांव का नाम बदलकर ‘रविंद्रनगर’ करने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि पहले की सरकारों ने गांव की पहचान छिपाने के लिए इसका नाम मियांपुर रखा था, जबकि वहां कोई मियां नहीं था। सभा के दौरान सीएम ने माफियाओं पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि माफिया पहले ही मिट्टी में मिल चुके हैं। अगर कोई फिर से माफिया बनने की कोशिश करेगा, तो उसे मिट्टी में मिलने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने दोहराया कि अब लखीमपुर-खीरी में किसी भी माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा और गरीबों का हक कोई नहीं छीन सकता।
माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं,
फिर भी कोई माफिया बनने का प्रयास करेगा, तो मिट्टी में मिलने की तैयारी भी कर ले… pic.twitter.com/TsB3tOIpEz
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 11, 2026
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार दलित और वंचित समाज के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। भीमराव अंबेडकर, रविदास और वाल्मीकि जैसे महापुरुषों की मूर्तियों के आसपास बाउंड्री वॉल और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिसके लिए सरकार ने बजट का प्रावधान किया है। सामाजिक न्याय पर जोर देते हुए सीएम ने ज्योतिराव फुले की जयंती का उल्लेख किया और कहा कि सरकार उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। साथ ही महाराणा प्रताप और महाराणा सांगा के वंशजों को सम्मान दिलाने की भी बात कही।
अब वन डिस्ट्रिक-वन माफिया का दौर खत्म
सीएम योगी ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि अब वन डिस्ट्रिक-वन माफिया का दौर खत्म हो चुका है और उसकी जगह वन डिस्ट्रिक-वन मेडिकल कॉलेज और वन डिस्ट्रिक-वन प्रोडक्ट जैसी योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने बताया कि लखीमपुर-खीरी में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुका है और यहां की थारू जनजाति के उत्पादों को पहचान दी जा रही है। कृषि और किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की योजनाओं के तहत किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, MSP का लाभ और मुफ्त बिजली कनेक्शन जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। सीएम ने अंत में कहा कि लखीमपुर-खीरी अपनी उपजाऊ जमीन और कृषि क्षमता के दम पर देशभर में पहचान बना सकता है और यहां के स्थानीय व्यंजनों को भी वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा।
ये भी पढ़े… राजनाथ सिंह ने उन्नत कृषि महोत्सव का किया शुभारंभ, बोले- ‘किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़’








