UP News: मुरादाबाद के सिविल लाइंस इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक परित्यक्त खंडहर की पहली मंजिल पर एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के परिजनों ने युवक के एक दोस्त पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शव मिलने से इलाके में मचा हड़कंप
घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के डीआईजी ऑफिस रोड के सामने गैलेक्सी अपार्टमेंट के पास स्थित एक जर्जर खंडहर की है। बताया जा रहा है कि खंडहर की पहली मंजिल पर बने एक कमरे में हमीद नामक युवक का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने जब कमरे में युवक को अचेत अवस्था में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
UP News: दो दिन बाद आने वाले थे लड़की पक्ष के लोग
मृतक हमीद पेशे से पुताई का काम करता था और अपने परिवार के साथ रह रहा था। परिजनों के मुताबिक, दो दिन बाद उसे देखने के लिए लड़की पक्ष के लोग आने वाले थे, जिसके चलते वह घर पर ही मौजूद था। परिवार का आरोप है कि इसी दौरान उसका एक दोस्त उसे किसी काम के बहाने घर से बुलाकर ले गया। परिजनों का कहना है कि इसके बाद से हमीद का मोबाइल फोन बंद आने लगा। काफी तलाश के बाद उसका शव खंडहर की पहली मंजिल पर मिला। परिवार ने युवक के दोस्त पर साजिश और हत्या की आशंका जताई है।
वहीं पुलिस जांच के दौरान खंडहर के कमरों से नशे से जुड़ा सामान भी बरामद हुआ है। इससे आशंका जताई जा रही है कि यह स्थान नशा करने वालों का अड्डा हो सकता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं युवक की मौत नशे की वजह से तो नहीं हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवक के शरीर पर किसी स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस परिवार की तहरीर के आधार पर संदिग्ध दोस्त से पूछताछ की तैयारी कर रही है और कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं।
Report BY: सलमान युसूफ
ये भी पढ़े… बुलंदशहर में नकली नोट छापने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, गैंग कलर प्रिंटर का इस्तेमाल कर छापता था नकली नोट






