UP News: अमरोहा जनपद के मंडी धनौरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब भाजपा विधायक राजीव तरारा की गाड़ी पर आधा दर्जन से अधिक युवकों ने कथित रूप से पथराव कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि 6-7 अन्य हमलावर फरार बताए जा रहे हैं।
रेलवे फाटक के पास हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, विधायक राजीव तरारा मंडी धनौरा से अमरोहा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रेलवे फाटक के पास कुछ युवकों ने बाइक से उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर गाड़ी रुकवाने की कोशिश की।
विधायक ने स्थिति को शांतिपूर्वक संभालने का प्रयास किया और आगे बढ़ने लगे, लेकिन इसी बीच और युवक वहां पहुंच गए। जब चालक और सुरक्षा कर्मियों ने आपत्ति जताई तो हमलावरों ने कथित रूप से विधायक के गनर की सरकारी कार्बाइन छीनने की कोशिश की। आरोप है कि इसके बाद गुस्से में आकर युवकों ने गाड़ी पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने धमकी भरे लहजे में कहा कि हमारे लिए जेल जाना बड़ी बात नहीं है, हम कई बार जेल जा चुके हैं, हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते।
UP News: दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रोहित व प्रदीप नामक दो युवकों को हिरासत में ले लिया। अन्य 6-7 अज्ञात आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है। घटना के बाद एक नया मोड़ तब आया जब गिरफ्तार आरोपियों में से एक युवक ने पुलिस हिरासत के दौरान ही एक वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी सफाई पेश करता नजर आ रहा है। इस वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर हिरासत में रहते हुए आरोपी ने वीडियो कैसे बनाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पहलू की भी जांच की जा रही है और यदि लापरवाही पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने किए तीन पुलिसकर्मी निलंबित
मामले को गंभीरता से लेते हुए अमरोहा के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर कस्बा चौकी इंचार्ज, एसएसआई और लेपर्ड ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। एसपी ने पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
वहीं विधायक राजीव तरारा ने कहा कि वे इस घटना की जानकारी प्रदेश के मुख्यमंत्री को देंगे। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताया। गौरतलब है कि राजीव तरारा मंडी धनौरा विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं और क्षेत्र में सक्रिय राजनीति के लिए जाने जाते हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Report BY: मौ. अज़ीम
ये भी पढ़े… मुरादाबाद में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत मुठभेड़ में गोकशी के आरोपी को दबोचा






