UP News: अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक युवती ने टीटीई पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी टीटीई की तलाश में छापेमारी की जा रही है। लेकिन इस मामले से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद हंगामा तेज होता दिखाई दे रहा है।
क्या है आरोप?
दरअसल, मऊ जिले की रहने वाली युवती गोरखपुर में किराए पर रहकर सेना भर्ती की तैयारी कर रही है। वह एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट की परीक्षा देने मऊ गई थी। परीक्षा के बाद लौटते समय स्टेशन पर अधिक भीड़ होने के कारण वह टिकट नहीं ले सकी और ट्रेन के एसी कोच में चढ़ गई।
युवती का आरोप है कि एसी कोच में खड़े होने के दौरान टीटीई राहुल कुमार ने उससे पूछताछ की। उसने अपना परिचय एनसीसी कैडेट के रूप में दिया और गोरखपुर में तैयारी करने की जानकारी दी। युवती को उम्मीद थी कि नियमानुसार जुर्माना लेकर उसे सीट दे दी जाएगी। आरोप है कि टीटीई ने सीट दिलाने का आश्वासन देकर उसे प्रथम श्रेणी एसी कोच के केबिन में ले गया, जहां दरवाजा अंदर से बंद कर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर बिना टिकट यात्रा के मामले में कार्रवाई करने की धमकी देने का भी आरोप है।
UP News: आरोपी हुआ फरार
पीड़िता ने शोर मचाते हुए डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि घटना रविवार रात इंदारा और देवरिया के बीच हुई। मामला सामने आने के बाद आरोपी टीटीई देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। ट्रेन के गोरखपुर पहुंचने पर युवती ने जीआरपी थाने में तहरीर दी। बाद में केस देवरिया स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रेलवे अधिकारियों को दी गई जानकारी
मामले में जीआरपी एसपी रेलवे लक्ष्मीनिवास मिश्र ने बताया कि आरोपी टीटीई, जो बिहार का निवासी बताया जा रहा है, की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी की बात कही है। रेलवे प्रशासन को भी पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
ये भी पढ़े… गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने भारत की थू-थू करा दी!






