UP News: अमेठी जिले में एक खुशियों से भरा शादी समारोह अचानक सनसनीखेज वारदात में तब्दील हो गया, जब बाइक सवार बदमाशों ने दूल्हे के पिता के हाथ से नकदी से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
बारात के दौरान हुई वारदात
घटना अमर मैरिज लॉन के पास की बताई जा रही है, जो ककवा रोड कटरा राजा हिम्मत सिंह क्षेत्र में स्थित है। जानकारी के अनुसार, संग्रामपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर करनाईपुर गांव निवासी पूर्व शासकीय अधिवक्ता रंगनाथ मिश्रा के बेटे दीपक मिश्रा की बारात गुरुवार रात गाजे-बाजे के साथ मैरिज लॉन पहुंच रही थी। दीपक मिश्रा वर्तमान में गृह मंत्रालय के अंतर्गत सांख्यिकी अधिकारी के पद पर तेलंगाना में तैनात हैं, जबकि दुल्हन निवेदिता ठेंगहा गांव की रहने वाली हैं। परिवार और रिश्तेदार शादी की खुशियों में सराबोर थे, तभी रात करीब 10 बजे यह घटना हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही बारात मैरिज लॉन के नजदीक पहुंची, एक युवक अचानक भीड़ में दाखिल हुआ और रंगनाथ मिश्रा के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। कुछ ही दूरी पर पहले से खड़ी बाइक पर उसके दो साथी मौजूद थे। बैग छीनते ही युवक बाइक पर सवार हुआ और तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बैग में करीब एक लाख रुपये नकद थे, जो शादी के खर्च और अन्य रस्मों के लिए रखे गए थे।
UP News: हाथ नहीं आए बदमाश
लूट की घटना के बाद रंगनाथ मिश्रा ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन बाइक सवार आरोपी तेज रफ्तार में फरार होने में सफल रहे। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) समेत स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है, लेकिन पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
Report By: अंजनी मिश्रा
ये भी पढ़े… मुरादाबाद में सरेआम नशे का खेल! बीच सड़क इंजेक्शन लगाते युवकों का वीडियो वायरल, पुलिस से कार्रवाई की मांग






