Up News: उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए योगी अदित्यनाथ सरकार ने ‘सेफ मोबिलिटी प्रोग्राम’ की शुरुआत की है। इस योजना के तहत प्रदेश में महिला ई-रिक्शा पायलटों की नई फौज तैयार की जा रही है, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित और सुलभ परिवहन सुविधा मिल सके।
5 जिलों में शुरू हुई सेवा
इस पहल की शुरुआत अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, कौशाम्बी और झाँसी में की गई है। वहीं, जल्द ही लखनऊ, प्रयागराज, मिर्जापुर , भदोही, सोनभद्र ,देवरिया,लखीमपुर खीरी और सीतापुर में भी इसे लागू किया जाएगा।
Up News: 1000 ई-रिक्शा का वितरण
योजना के पहले चरण में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को 1000 ई-रिक्शा उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य महिलाओं को रोजगार देना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चल रहे इस कार्यक्रम में अब तक 119 महिलाओं को ई-रिक्शा देकर उद्यमी बनाया गया है। इसके अलावा 629 महिलाओं को संचालन का प्रशिक्षण और 244 महिलाओं को ड्राइविंग लाइसेंस दिया जा चुका है।

Up News: बढ़ रही महिलाओं की आय
इस योजना से जुड़ी महिलाओं की औसत वार्षिक आय 3 लाख रुपये से अधिक पहुंच गई है। इससे साफ है कि यह पहल सिर्फ परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं, बल्कि महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभा रही है।
सुरक्षा और सुविधा दोनों पर जोर
महिला चालकों द्वारा संचालित ई-रिक्शा सेवा से स्कूल जाने वाली बालिकाओं और कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित सफर मिलेगा। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में यह पहल बड़ा बदलाव ला सकती है। ‘सेफ मोबिलिटी प्रोग्राम’ का असर केवल परिवहन तक सीमित नहीं है। इससे गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
Up News: मॉडल स्टेट बनने की ओर यूपी
महिला सुरक्षा, सम्मानजनक परिवहन और स्वरोजगार इन तीनों क्षेत्रों में एक साथ असर डालने वाली यह योजना उत्तर प्रदेश को एक मॉडल स्टेट के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
ये भी पढ़े… बंगाल में आएगा राम राज्य’-रवि किशन का दावा, मोदी पर भरोसा, BJP को मिलेगा जनसमर्थन








