UP POLITICS: समाजवादी पार्टी ने 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 46 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम लगभग तय कर लिए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 19 सीटें पूर्वांचल की हैं, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 13 और मध्य यूपी की 14 सीटें शामिल हैं। आधिकारिक सूची कांग्रेस के साथ संभावित सीट बंटवारे के बाद सितंबर में जारी की जा सकती है।
27 करीबी हार वाली सीटों पर पुराने चेहरों को मिल सकता है मौका
सूत्रों के मुताबिक, 2022 के विधानसभा चुनाव में जिन 27 सीटों पर समाजवादी पार्टी 5 हजार से कम वोटों के अंतर से हार गई थी, उनमें से अधिकांश सीटों पर पुराने प्रत्याशियों को दोबारा मौका मिलने की संभावना है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इन सीटों पर मामूली रणनीतिक बदलाव से जीत हासिल की जा सकती है।
UP POLITICS: PDA फॉर्मूले के तहत बदलेगा टिकट वितरण का समीकरण
पार्टी इस बार भी अपने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) सामाजिक समीकरण पर जोर दे रही है। हालांकि, मुस्लिम और यादव उम्मीदवारों की संख्या सीमित रखते हुए अन्य पिछड़ा वर्ग और दलित समुदाय के चेहरों को अधिक प्रतिनिधित्व देने की रणनीति बनाई जा रही है। आरक्षित सीटों के अलावा 20 से अधिक सामान्य सीटों पर भी दलित उम्मीदवार उतारे जाने की तैयारी है।
बूथ स्तर की सक्रियता और सर्वे रिपोर्ट बनेगी टिकट का आधार
उम्मीदवार चयन में केवल जातीय समीकरण ही नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर सक्रियता, संगठन के प्रति निष्ठा, स्थानीय जनाधार और सर्वे रिपोर्ट को भी अहम आधार बनाया जा रहा है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वयं दावेदारों और जिला पदाधिकारियों से फीडबैक ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि टिकट किसी सिफारिश के आधार पर नहीं, बल्कि संगठनात्मक कार्य और जीत की क्षमता को देखते हुए दिया जाएगा।
UP POLITICS: बगावत पर सख्ती, संगठन को दिए गए स्पष्ट निर्देश
सपा नेतृत्व ने यह भी संकेत दिया है कि टिकट वितरण के बाद किसी प्रकार की बगावत या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला इकाइयों को निर्देश दिए गए हैं कि पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के पक्ष में पूरी ताकत से काम किया जाए।
कांग्रेस से सीट बंटवारे के बाद जारी होगी पहली सूची
उधर, कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन को लेकर बातचीत अभी जारी है। कांग्रेस जहां करीब 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुकी है, वहीं समाजवादी पार्टी 60 से अधिक सीटें देने के पक्ष में नहीं दिख रही है। अखिलेश यादव पहले ही कह चुके हैं कि सीटों का फैसला जीत की संभावनाओं के आधार पर होगा।
UP POLITICS: सितंबर में पहली सूची आने की उम्मीद
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर अंतिम सहमति बनने के बाद समाजवादी पार्टी अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी करेगी, जिससे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की राजनीतिक तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी।
ये भी पढ़े… राहुल गांधी पर क्यों भड़कीं सोनम वांगचुक की पत्नी? PMO के बाहर धरने पर कही बड़ी बात








