UPSC: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने कंबाइंड मेडिकल सर्विस (सीएमएस) परीक्षा 2026 के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 1,358 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों और संस्थानों में सीएमएस के रिक्त पदों पर चयनित किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 मार्च से शुरू हो चुकी है, और आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च है।
भर्ती के लिए कुल पदों का विवरण
सीएमएस परीक्षा के तहत जिन पदों पर भर्ती की जाएगी, उनमें प्रमुख रूप से जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर ग्रेड, मेडिकल ऑफिसर सब कैडर ऑफ सेंट्रल हेल्थ सर्विस, असिस्टेंट डिविजनल मेडिकल ऑफिसर और जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर ग्रेड-II शामिल हैं। इनमें से 864 पद जनरल ड्यूटी के मेडिकल ऑफिसर के लिए, 450 पद असिस्टेंट डिविजनल मेडिकल ऑफिसर के लिए, 14 पद जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर के लिए और 30 पद जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर ग्रेड-II के लिए हैं।
UPSC: आवेदन प्रक्रिया और शुल्क
उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। जनरल, ओबीसी और ईडब्लूएस श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये है, जबकि महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को शुल्क में छूट दी गई है।
चयन प्रक्रिया और वेतनमान
चयनित उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और पर्सनैलिटी टेस्ट/पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा 2 अगस्त को आयोजित की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को वेतन मैट्रिक्स स्तर 10 के तहत 56,100 रुपये से लेकर 1,77,500 रुपये तक का मासिक वेतन मिलेगा।
ये भी पढ़ें… बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले शाहनवाज हुसैन की भविष्यवाणी बोले- ‘राहुल होंगे जीरो पर आउट’







