US Iran Conflict: अमेरिका ने गुरुवार तड़के (स्थानीय समय के अनुसार बुधवार) ईरान के एक बंदरगाह की ओर बढ़ रहे एक ऑयल टैंकर को रोक दिया। होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच, वॉशिंगटन द्वारा ईरान पर नौसैनिक नाकेबंदी दोबारा लागू किए जाने के बाद यह पहला कमर्शियल जहाज है, जिस पर कार्रवाई की गई।
चेतावनी के बावजूद नहीं बदला रास्ता
यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, कुराकाओ के झंडे वाला ऑयल टैंकर M/T बेल्मा अरब की खाड़ी में स्थित ईरान के प्रमुख तेल निर्यात टर्मिनल खार्ग द्वीप की ओर बढ़ रहा था। अमेरिकी सेना का कहना है कि जहाज को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन उसने किसी भी निर्देश का पालन नहीं किया और अपनी यात्रा जारी रखी।
हेलफायर मिसाइल दागकर रोका जहाज
सेंटकॉम ने एक्स पर जारी बयान में बताया कि अमेरिकी सेना ने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में जहाज की गतिविधियों पर नजर रखी। जब M/T बेल्मा ने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी का उल्लंघन करते हुए ईरान की ओर बढ़ना जारी रखा, तो अमेरिकी विमान ने जहाज की स्मोकस्टैक (धुआं निकलने वाली चिमनी) पर हेलफायर मिसाइलें दागीं। इसके बाद जहाज को आगे बढ़ने से रोक दिया गया और अब वह ईरान की ओर नहीं जा रहा है।

14 जुलाई से फिर लागू हुई नाकेबंदी
अमेरिका ने 14 जुलाई को शाम 4 बजे ईस्टर्न टाइम (ET) से ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी दोबारा लागू की है। इस नाकेबंदी के तहत अमेरिकी सेनाएं जहाजों को ईरानी बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों में आने-जाने से रोक रही हैं।सेंटकॉम ने बताया कि M/T बेल्मा के खिलाफ की गई कार्रवाई नाकेबंदी दोबारा लागू होने के बाद पहले 24 घंटों के भीतर की गई पहली बड़ी कार्रवाई है। अमेरिकी सेना के अनुसार, इस दौरान दो अन्य कमर्शियल जहाजों ने अमेरिकी निर्देशों का पालन करते हुए अपना रास्ता बदल लिया, लेकिन बेल्मा ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे रोकने की कार्रवाई की गई।
अमेरिकी सेना ने क्या कहा?
सेंटकॉम ने अपने बयान में कहा कि नाकेबंदी लागू होने के पहले 24 घंटों में दो कमर्शियल जहाजों ने निर्देशों का पालन किया और अपना मार्ग बदल लिया, जबकि एक जहाज ने निर्देशों की अनदेखी की, जिसके कारण उसे रोका गया। अमेरिकी सेना ने कहा कि वह नाकेबंदी के नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के लिए सतर्क और हर समय तैयार है।
यह भी पढ़े…मेसी का जादू! 85वें मिनट के एक पास ने पलट दिया मैच, इंग्लैंड को हराकर अर्जेंटीना फाइनल में








