Uttam Nagar: उत्तम नगर में होली के दिन हुई 26 वर्षीय युवक तरुण की हत्या के बाद उसके परिजनों से मिलने पहुंचे आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया। इस घटना के बाद सौरभ भारद्वाज ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि दिल्ली पुलिस एक नौजवान की मौत पर भी राजनीति कर रही है तथा भाजपा के दबाव में काम कर रही है।
पुलिस ने उन्हें रोका
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वे मृतक तरुण के परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना देने के लिए उत्तम नगर पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से हाथ जोड़कर केवल दो लोगों को परिवार से मिलने की अनुमति देने का अनुरोध किया था, लेकिन वहां मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे यह कहकर अस्वीकार कर दिया कि मामला बेहद संवेदनशील है। भारद्वाज के अनुसार, पुलिस ने उन्हें मिलने से रोक दिया, जबकि उनके सामने ही भाजपा के लगभग 20 लोगों को अंदर जाने दिया गया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक युवा की मौत के बाद भी राजनीति की जा रही है। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस के जवानों को आगे कर दिया जाता है, जबकि पीछे से वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस कमिश्नर षड्यंत्र रचते हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस कमिश्नर भी इस तरह के मामलों में राजनीति करना चाहते हैं, तो यह दिल्ली पुलिस की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। सौरभ भारद्वाज ने यह भी दावा किया कि मृतक तरुण का परिवार पुलिस की अब तक की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है।
हम उत्तम नगर में मृतक तरुण के परिवार से मिलने आये थे , DCP ने हमे तो रोक दिया । और हमारे और मीडिया के सामने DCP पुलिस ने भाजपा के 20 लोगों को जाने दिया ।
दिल्ली पुलिस खुल्लम खुल्ला नौजवान की लाश पर भाजपा की दलाली कर रही है । पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा भाजपा की दलाली कर रहे हैं । pic.twitter.com/hqM5ZRBYp5
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) March 8, 2026
भारद्वाज ने कहा कि पीड़ित परिवार लगातार यह आरोप लगा रहा है कि मामले की जांच ठीक ढंग से नहीं की जा रही है। उन्होंने एक अन्य मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से कमल ध्यानी की मौत के मामले में भी परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। उस मामले में पुलिस ने एक गरीब मजदूर को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन असली ठेकेदारों पर कार्रवाई नहीं की गई। इसी बीच, आम आदमी पार्टी ने मंगोलपुरी में कुछ दिन पहले हुई एक छात्र की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता भी की है। सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पार्टी प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक मदद प्रदान की है। इस दौरान पूर्व विधायक राखी बिड़लान, पार्षद राकेश जाटव और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़े… दिल्ली में Yogi मॉडल की राह पर रेखा गुप्ता! तरुण हत्याकांड के आरोपी के घर बुलडोजर चला दिया सख्त संदेश







