Uttam Nagar: राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुए एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में ‘योगी मॉडल’ जैसी सख्ती की चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
बुलडोजर कार्रवाई से सख्त संदेश
घटना के बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में एक आरोपी के अवैध निर्माण पर दिल्ली नगर निगम का बुलडोजर चला दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्तर प्रदेश में अपनाए गए ‘बुलडोजर एक्शन’ यानी तथाकथित ‘योगी मॉडल’ की भी चर्चा हो रही है, जिसमें अपराध के आरोपियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाती है।
Uttam Nagar: मामले में पुलिस क्या बोली?
पुलिस के अनुसार, हिंसा में शामिल दोनों परिवार पिछले करीब 50 साल से एक-दूसरे को जानते थे और एक ही इलाके में रहते थे। हालांकि उनके बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। कभी कूड़ा फेंकने को लेकर तो कभी अन्य मामूली बातों पर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी होती रहती थी। बताया जा रहा है कि होली के दिन एक बच्ची के हाथ से गिरा पानी से भरा गुब्बारा इस पुराने तनाव का कारण बन गया और देखते ही देखते विवाद हिंसा में बदल गया।
होली की रात शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, 4 मार्च की रात करीब 10:30 बजे यह विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि तरुण की 11 वर्षीय चचेरी बहन ने छत से पानी से भरा गुब्बारा फेंका था, जो फिसलकर नीचे सड़क पर गिर गया। गुब्बारे के पानी की कुछ छींटें पास में रहने वाली एक महिला पर पड़ गईं। इस बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच बहस शुरू हो गई। चूंकि दोनों परिवार अलग-अलग समुदायों से जुड़े थे, इसलिए विवाद ने जल्द ही तूल पकड़ लिया और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
दिल्ली के उत्तम नगर में तरुण हिंदू की मॉब लीचिंग करने के आरोपी मुसलमानों के घर पहुंचा बुलडोजर.. भारी संख्या में पुलिस बल तैनात..#UttamNagar #UttamNagarPolice #TarunDelhi #buldozar pic.twitter.com/FsgP4jNkq5
— Khabar India ख़बर इंडिया (@_KhabarIndia) March 8, 2026
परिजनों के मुताबिक, गुब्बारे की घटना के बाद उन्होंने माफी भी मांग ली थी, लेकिन इसके बावजूद तनाव खत्म नहीं हुआ। देर रात करीब 11 बजे जब तरुण घर लौटा और अपनी बाइक पार्क कर रहा था, तभी कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कथित तौर पर रॉड, हॉकी स्टिक, क्रिकेट बैट और पत्थरों से उस पर हमला किया। सड़क पर बुरी तरह पीटने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल तरुण को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने इस केस में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी हैं।
ये भी पढ़े… उत्तम नगर तरुण हत्याकांड में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हिरासत में तीन महिला







